चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की सोनाहातु पंचायत के रघुनाथपुर में जिला अनाबद्ध निधि से पीसीसी निर्माण चल रहा है. झामुमो युवा मोर्चा के अध्यक्ष मोहन सोरेन ने अनियमितता का आरोप लगा मंगलवार को निर्माण रोक दिया. एक हजार फीट पीसीसी निर्माण में घटिया पत्थर लगाने का आरोप है. ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण स्थल के समीप से ही पत्थरों को चुनकर लाया जा रहा है.
निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जा रहा है. ग्रामीणों के आग्रह पर झामुमो युवा मोर्चा के अध्यक्ष मोहन सोरेन पहुंचे. उन्होंने संवेदक से दूरभाष पर संपर्क कर घटिया पत्थर हटाकर निर्माण कार्य में सुधार लाने को कहा. लगभग 20 लाख की लागत से बनायी जा रही इस सड़क का शिलान्यास नहीं हुआ है. लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आचार संहिता के दौरान बिना शिलान्यास के निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया.
निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित बोर्ड नहीं लगाया गया है. इस संबंध में संवेदक नीतीश पोद्दार ने गोल मटोल जवाब दिया. उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता झामुमो नेता से भेंट कर समस्या का समाधान कर लिया जायेगा.
