बच्चों को अकेले घरों से नहीं निकलने दे रहे ग्रामीण
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बंगाल सीमा में खदेड़ा
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के गांवों में इन दिनों दिन दहाड़े हाथी घूम रहे हैं. इसे लेकर ग्रामीण दहशत में हैं. भय से ग्रामीण अकेले या शाम होने के बाद घरों से नहीं निकल रहे हैं. हाथियों के उत्पात से ग्रामीण परेशान हैं. वहीं वन विभाग के प्रति आक्रोशित हैं. ग्रामीणों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. गुरुवार को एक हाथी साकरा, इंदाडांगर, महुली, महिषाढ़, गदा बहुलिया समेत कई गांवों में दिनभर घूमता रहा. इन गांवों में दिनभर हाथी उत्पात मचाते रहे. वहीं ग्रामीण झुंड में रहकर हाथी को खदेड़ते रहे. हाथी एक गांव से निकलकर दूसरे गांव में घुस जा रहा था. हाथी जिस गांव में जा रहा था, वहां नुकसान पहुंचा रहा था.
खेतों में दान के बिचड़ों को रौंदा
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त हाथी गांव की सड़कों पर दिन भर घूमता रहा. खेत में धान के बिचड़ों को पैरों से रौंद कर नष्ट किया. कई घरों में रखे धान खा गया. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत से हाथी को पश्चिम बंगाल सीमा में खदेड़ा. विदित हो कि पिछले कई माह से बहरागोड़ा के गांवों में जंगली हाथी लगातार उत्पात मचा रहे हैं. हाथियों ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है. सीमा से सटे जंगलों से निकल कर हाथी गांवों में घुस आते हैं और उत्पात मचाते हैं.
