रानीश्वर में सड़क पर बिखरी गिट्टी बनी जानलेवा,टोंगरा पुल पर बाइक सवार की मौत

महेषबाथान-टोंगरा सड़क निर्माण में लापरवाही,टोंगरा पुल पर बिखरी गिट्टी से बाइक टकराने के बाद एक युवक की जान चली गई. सुरक्षा पर सवाल.

रानीश्वर. महेषबाथान-टोंगरा सड़क पर चल रहा निर्माण कार्य शनिवार की रात एक बाइक सवार युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ. टोंगरा पुल के ऊपर सड़क निर्माण के लिए रखी गयी पत्थर डस्ट और गिट्टी से बाइक टकराने के बाद हुए हादसे में बाइक चालक दिलीप कुमार यादव (40) की मौत हो गयी.

जानकारी के अनुसार दिलीप कुमार यादव बाइक से टोंगरा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान टोंगरा पुल के ऊपर सड़क निर्माण के लिए रखी गयी पत्थर डस्ट और गिट्टी से उनकी बाइक टकरा गयी. टक्कर के बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गये. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद शव को टोंगरा थाना लाया गया.

सड़क निर्माण के लिए पुल पर रखी थी सामग्री

बताया जा रहा है कि इन दिनों महेषबाथान-टोंगरा सड़क पर कालीकरण का कार्य चल रहा है. इसी निर्माण कार्य के सिलसिले में संवेदक की ओर से टोंगरा पुल के ऊपर पत्थर डस्ट और गिट्टी गिराकर रखी गयी थी.

इसी दौरान बाइक के निर्माण सामग्री से टकराने की बात सामने आ रही है. हादसे के बाद सड़क निर्माण के दौरान पुल पर सामग्री रखने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

चोरकाटा के रहने वाले थे मृतक

टोंगरा थाना प्रभारी गुरुचरण मांझी ने बताया कि मृतक चोरकाटा, जामा के रहने वाले थे. हादसे की सूचना मिलने के बाद शव को टोंगरा थाना लाया गया.

समाचार भेजे जाने तक मृतक के परिजन टोंगरा थाना नहीं पहुंचे थे. परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जानी थी. परिजनों के नहीं पहुंचने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका नहीं भेजा गया था.

निर्माण स्थल पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

हादसे के बाद सड़क निर्माण के दौरान सामग्री रखने की व्यवस्था और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. निर्माणाधीन सड़क पर यदि गिट्टी और पत्थर डस्ट रखी गयी थी, तो वहां रात में वाहन चालकों को इसकी जानकारी देने के लिए पर्याप्त संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था थी या नहीं, यह भी जांच का विषय है.

फिलहाल हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है. वहीं सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >