दुमका के तालझारी में 9.50 लाख के सोने-चांदी की लूट, दो बाइक पर आए थे चार नकाबपोश

Dumka News: दुमका के तालझारी में ज्वेलरी दुकानदार से 9.50 लाख के सोने-चांदी की लूट की बड़ी वारदात सामने आई. चार नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर घटना को अंजाम दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि इलाके के व्यवसायियों में भय और दहशत का माहौल है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

जरमुंडी से आदित्यनाथ की रिपोर्ट

Dumka News: झारखंड के दुमका जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए. जरमुंडी प्रखंड के तालझारी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक ज्वेलरी दुकानदार से करीब 9.50 लाख रुपए के सोने-चांदी की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय व्यवसायी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.

दुकान बंद कर लौट रहे थे घर

पीड़ित आभूषण विक्रेता दिलीप कुमार साह, जो कुशमाहा गांव के निवासी हैं, तालझारी हाट के पास अपनी दुकान चलाते हैं. उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल की शाम दुकान बंद कर वे रोज की तरह जेवरात को एक थैले में रखकर बाइक से घर लौट रहे थे. उनके साथ उनके संबंधी हरिनंदन साह भी बाइक पर सवार थे, जो देवघर जिले के सोनारायठाडी के रहने वाले हैं.

रास्ते में घात लगाकर बैठे थे अपराधी

घर लौटने के दौरान रास्ते में अचानक पीछे से दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया. इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, अपराधियों ने पिस्तौल निकालकर दिलीप साह के कनपटी पर सटा दी. अचानक हुई इस वारदात से दोनों पूरी तरह घबरा गए और विरोध करने की स्थिति में नहीं रहे.

हथियार के बल पर लूट की वारदात

अपराधियों ने दिलीप साह के हाथ में पकड़े जेवरात से भरे थैले को छीन लिया. जब उन्होंने शोर मचाने की कोशिश की, तो अपराधियों ने जान से मारने की धमकी देकर उन्हें चुप करा दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद चारों अपराधी तेजी से मौके से फरार हो गए.

लूटे गए जेवर की कीमत करीब 9.50 लाख

पीड़ित दुकानदार के अनुसार, लुटेरों द्वारा छीने गए थैले में करीब दो किलोग्राम चांदी और 35 ग्राम सोना था. इनकी कुल कीमत लगभग 9.50 लाख रुपए बताई जा रही है. घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है और इलाके के अन्य व्यवसायियों में भी भय का माहौल है.

अपाचे बाइक से फरार हुए बदमाश

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी नीले रंग की अपाचे बाइक पर सवार थे. दोनों बाइक पर चार लोग आए थे और वारदात के बाद तालझारी के पुराना थाना गली की ओर भाग निकले. पुलिस को बाइक और अपराधियों की पहचान के संबंध में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.

पुलिस ने शुरू की जांच, गिरफ्तारी की कोशिश तेज

घटना के बाद तालझारी थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: स्मॉल फाइनेंस बैंक कर्मी से लूटपाट का एसडीपीओ ने किया खुलासा, देशी कट्टे के साथ पांच गिरफ्तार

व्यवसायियों में दहशत, सुरक्षा की मांग

इस घटना के बाद तालझारी और आसपास के क्षेत्रों के व्यवसायियों में डर का माहौल है. स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और गश्त तेज करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

इसे भी पढ़ें: गढ़वा होटल कांड: पुलिस ने होटल मालिकों की पहचान के लिए नगर परिषद से मांगी रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >