27वें दिन भी बासुकिनाथ में आस्था का सैलाब, रात 2 बजे से जलार्पण; ‘बोल– बम’ से गूंजा धाम

बासुकिनाथ धाम में श्रावणी मेले के 27वें दिन कांवरियों का जनसैलाब उमड़ा. 10 काउंटर और शीघ्रदर्शनम से जलार्पण सुलभ हुआ. देखें खास तस्वीरें.

प्रतिनिधि, बासुकिनाथ. राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के 27वें दिन मंगलवार को बाबा फौजदारीनाथ की नगरी आस्था और भक्ति से सराबोर रही. अहले सुबह से ही बासुकिनाथ धाम में कांवरियों और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. मंदिर परिसर से लेकर कांवरिया रूट तक हर ओर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे.

शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद कांवरिये बाबा फौजदारीनाथ के जलार्पण के लिए कतारबद्ध होते रहे. रात दो बजे मंदिर का पट खोला गया. इसके बाद विधि-विधान के साथ सरकारी पूजा संपन्न हुई. सरकारी पूजा के बाद श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर गर्भगृह के गेट पर अरघा लगाया गया.

अरघा में गंगाजल अर्पित कर मांगी सुख-समृद्धि

कतारबद्ध श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

कतारबद्ध कांवरियों ने अरघा में पवित्र गंगाजल अर्पित कर बाबा फौजदारीनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरोगी जीवन की कामना की. जलार्पण के बाद श्रद्धालु मंदिर प्रांगण में आरती करते और भगवान शिव के जयकारे लगाते नजर आये.

कांवरियों की कतार संस्कार भवन से होते हुए कांवरिया रूट के रास्ते कुशवाहा धर्मशाला और तारा मंदिर चौक तक पहुंच गयी. वरीय अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की निगरानी में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर में जलार्पण कराया गया. प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से भीड़ नियंत्रण और जलार्पण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गयी.

दस जलार्पण काउंटरों पर भी चढ़ाया जल

लंबी कतार में लगने से बचने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के बाहर दस जलार्पण काउंटर बनाये गये हैं. इन काउंटरों पर भी कांवरियों ने श्रद्धा के साथ बाबा को जल अर्पित किया.

काउंटर में डाला गया जल पाइपलाइन के माध्यम से सीधे मंदिर गर्भगृह में स्थित बाबा फौजदारीनाथ के शिवलिंग तक पहुंचता है. इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को भीड़ के बीच लंबी कतार में लगे बिना बाबा का जलाभिषेक करने का अवसर मिला.

शीघ्रदर्शनम से भी हुआ सुलभ जलार्पण

श्रावणी मेला में कांवरियों की भीड़| Prabhat Khabar Network

मंदिर में शीघ्रदर्शनम की भी व्यवस्था रही. इसके तहत श्रद्धालुओं ने मंदिर कार्यालय से 500 रुपये का टोकन लेकर वीआइपी गेट के माध्यम से मंदिर में प्रवेश किया और सुगमतापूर्वक बाबा फौजदारीनाथ का जलार्पण किया.

मंदिर प्रबंधन और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर लगातार निगरानी की गयी. आध्यात्मिक वातावरण के बीच बासुकिनाथ धाम हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गुंजायमान रहा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आदित्यनाथ पत्रलेख

आदित्यनाथ पत्रलेख वर्ष 2011 से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया, दोनों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखीं और राजनीतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर सटीक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की। जनहित से जुड़े विषयों पर फोकस्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों को सत्य एवं तटस्थता के साथ प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >