रानीश्वर : पीएम आभा योजना के तहत रघुनाथपुर बरमसिया पथ के रांगालिया सिंचाई कार्यालय मोड़ से मयुराक्षी बांयातट मुख्य नहर होते हुए मसानपाड़ा तक 2.300 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति मिली है. सड़क निर्माण कार्य ग्रामीण कार्य विभाग की देखरेख में किया जायेगा.
वोट बहिष्कार के बाद ग्रामीणों को मिला था सड़क का आश्वासन
मसानपाड़ा में मयुराक्षी विस्थापितों को बसाया गया है. गांव तक पक्की सड़क नहीं बनने से कीचड़ से भरी कच्ची सड़क से होकर ग्रामीणों को आना-जाना करना पड़ता है. पिछले विधानसभा चुनाव के पहले ग्रामीणों ने पक्की सड़क निर्माण की मांग को लेकर वोट बहिष्कार का एलान किया था. उस समय ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता, बीडीओ आदि गांव पहुंच कर ग्रामीणों को पक्की सड़क निर्माण के लिए पहल किये जाने का आश्वासन दिया था.
पक्की सड़क बनने से आवागमन होगा सुगम
मसानपाड़ा तक पक्की सड़क निर्माण हो जाने से ग्रामीणों का आने-जाने का रास्ता सुलभ हो जायेगा.
नहर पक्कीकरण कार्य से बारिश में बढ़ी परेशानी
इन दिनों मसानपाड़ा होते हुए रानीश्वर शाखा नहर पक्कीकरण कार्य चल रहा है. नहर के मेड़ पर मिट्टी गिराये जाने से बरसात के मौसम में स्थिति और खराब हो गयी है.
