शिकारीपाड़ा. प्रभात खबर की ओर से रविवार को बरमसिया में प्रभात संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, स्थानीय दुकानदारों और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बरमसिया में सार्वजनिक शौचालय, यात्री शेड, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे. चर्चा के दौरान बताया गया कि बरमसिया एनएच-114ए पर दुमका-रामपुरहाट मुख्य सड़क पर स्थित है. यह सड़क देवघर के प्रसिद्ध बैद्यनाथधाम, बासुकिनाथधाम, मां मौलिक्षा मंदिर, ऐतिहासिक मलुटी गांव और तारापीठ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ती है. बरमसिया एक बड़ा बाजार भी है, जहां से होकर प्रतिदिन सैकड़ों यात्री रामपुरहाट, दुमका, कोलकाता, वर्धमान, सिउड़ी और तारापीठ समेत कई अन्य स्थानों की यात्रा करते हैं. लेकिन यहां यात्री शेड के जर्जर होने और सार्वजनिक शौचालय की सुविधा न होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती है. लोगों ने बरमसिया रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली सड़क की बदहाल स्थिति, मोहनपुर में नाली निर्माण की आवश्यकता, बरमसिया की जलापूर्ति में आ रही बाधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की. ============ बरमसिया बाजार में यात्री शेड जर्जर है. सार्वजनिक शौचालय भी नहीं है, जिससे यात्रियों के साथ ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. – निताई मंडल बरमसिया बाजार के आसनबनी मोड़ में मास्क लाइट तथा स्ट्रीट लाइट लगाने की शीघ्र पहल होनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को सहूलियत मिल सके. – गुड्डू भंडारी राज्य के हर विभाग में हजारों पद रिक्त हैं, परंतु इन पदों पर नियुक्ति नहीं हो पा रही है. राज्य सरकार को इस संबंध में शीघ्र पहल करनी चाहिए. – आलोक वर्मा मोहनपुर से दुर्गापुर होते हुए बरमसिया रेलवे स्टेशन तक की सड़क जर्जर है. शीघ्र ही इस सड़क का निर्माण हो, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके. – कृष्णा दास बरमसिया स्थित टंकी में मोटर आदि में खराबी के कारण जलापूर्ति बाधित है. इस खराबी को दूर कर जलापूर्ति चालू कराने की अविलंब पहल हो. – दीपक चक्रवर्ती बरमसिया में आसनबनी मोड़ पर यात्री शेड जर्जर स्थिति में है, लेकिन इसे देखने वाला कोई नहीं है. मोहनपुर से बरमसिया रेलवे स्टेशन तक की सड़क भी खराब है और जनप्रतिनिधि इस ओर उदासीन हैं. – हरेंद्र सिंह बरमसिया में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं है, जिससे ग्रामीणों को बीमारी की स्थिति में काफी परेशानी होती है. यहां शीघ्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाए, ताकि लोगों का इलाज हो सके. – महेंद्र प्रसाद साह बरमसिया और मोहनपुर में स्ट्रीट लाइट न होने के कारण रात में ग्रामीणों को परेशानी होती है. इसलिए आसनबनी मोड़ पर मास्क लाइट और स्ट्रीट लाइट लगाई जाए. – सुनील मंडल मोहनपुर में नाली का निर्माण नहीं होने से सड़क का पानी घरों में घुस जाता है. शीघ्र ही यहां नाली का निर्माण हो, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके. – नवदीप मंडल फोटो – संवाद में शामिल अतिथि गण: निताई मंडल, गुड्डू भंडारी, आलोक वर्मा, कृष्णा दास, दीपक चक्रवर्ती, हरेंद्र सिंह, महेंद्र प्रसाद साह, सुनील मंडल, नवदीप मंडल.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
