बासुकिनाथ : श्रावणी मेला के दौरान बासुकिनाथ स्थित शिवगंगा तालाब में स्नान करने के दौरान दो श्रद्धालु डूबने लगे. मौके पर तैनात एनडीआरएफ के रेस्क्यू दल ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए दोनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय पर रेस्क्यू होने से बड़ा हादसा टल गया.
गहरे पानी में पहुंचे राजेश, बचाने के प्रयास में निशिकांत भी डूबे
बताया गया कि धनबाद निवासी 40 वर्षीय राजेश कुमार सिंह शिवगंगा तालाब में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. राजेश को डूबता देख उनके साथ आए धनबाद निवासी 42 वर्षीय निशिकांत सिंह ने उन्हें बचाने का प्रयास किया. बचाने के प्रयास में निशिकांत सिंह भी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. दोनों श्रद्धालुओं को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गयी.
एनडीआरएफ की तत्परता से दोनों की बची जान
इसी बीच शिवगंगा के समीप तैनात एनडीआरएफ के रेस्क्यू कर्मियों ने बिना समय गंवाये तत्काल पानी में उतरकर दोनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. टीम की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से दोनों की जान बच गयी. रेस्क्यू के बाद दोनों श्रद्धालुओं की स्थिति सामान्य बतायी गयी.
गहरे पानी में नहीं जाने की दी सलाह
रेस्क्यू के बाद मौके पर मौजूद एनडीआरएफ कर्मियों ने दोनों श्रद्धालुओं को गहरे पानी में नहीं जाने और स्नान के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी. श्रावणी मेला के दौरान शिवगंगा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ की टीम लगातार तैनात है. टीम के जवान स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं.
