रानीश्वर में सड़क का दर्द: एक किमी कच्चा रास्ता बना आफत, कीचड़ में गिर रहे स्कूली बच्चे

रानीश्वर में मोहुलपुर-चांपाफुली के बीच कच्ची सड़क बरसात में कीचड़ से बदहाल. बच्चे गिर रहे, आवागमन मुश्किल. पक्कीकरण की मांग.

रानीश्वर, प्रतिनिधि. गोबिंदपुर पंचायत के मोहुलपुर-चांपाफुली के बीच करीब एक किलोमीटर जर्जर कच्ची सड़क ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है. बरसात में बारिश होते ही सड़क की स्थिति और बदतर हो जाती है. कीचड़ से लथपथ रास्ते पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. ग्रामीण अब सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इस सड़क का पक्कीकरण कब होगा.

कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

मोहुलपुर-चांपाफुली सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे भी आवागमन करते हैं. बच्चों को गोबिंदपुर मिडिल स्कूल और आमजोड़ा हाईस्कूल जाने के लिए इसी रास्ते का सहारा लेना पड़ता है. साइकिल से आने-जाने वाले बच्चे अक्सर कीचड़ में फिसलकर गिरते रहते हैं. इससे उनके कपड़े और किताब-कॉपी भी खराब हो जाती हैं.

ग्रामीणों के लिए पंचायत मुख्यालय गोबिंदपुर पहुंचना भी मुश्किल हो गया है. बरसात में सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और गड्ढे होने से दोपहिया वाहनों का आवागमन भी जोखिम भरा हो जाता है.

दो साल पहले बनी सड़क, एक किमी हिस्सा छूटा

ग्रामीणों के अनुसार करीब दो वर्ष पहले ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लकड़ाबिंधा से मोहुलपुर तक सड़क का पक्कीकरण कराया गया था. लेकिन मोहुलपुर से चांपाफुली तक करीब एक किलोमीटर सड़क को छोड़ दिया गया. यही हिस्सा अब ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी परेशानी बना हुआ है.

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और जिले के उच्चाधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन अब तक सड़क का पक्कीकरण नहीं हो सका है.

डीसी और विधायक से भी लगायी गुहार

सड़क पक्कीकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपायुक्त दुमका और शिकारीपाड़ा विधायक समेत संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है. आवेदन पर ग्रामीण चंचल कुमार घोष, सोमनाथ राय, अजय घोष, दयामय राय, सत्यजीत राय, तारा राय समेत अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से स्कूली बच्चों के साथ आम ग्रामीणों को भी आवागमन में काफी राहत मिलेगी.

सर्वे के बाद डीपीआर तैयार, स्वीकृति का इंतजार

ग्रामीण कार्य विभाग, दुमका के जेई सौगत मांझी ने बताया कि मोहुलपुर से चांपाफुली तक सड़क पक्कीकरण के लिए सर्वे कर डीपीआर तैयार कर जमा किया गया है. सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद ही पक्कीकरण का कार्य कराया जायेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By साधन सेन

वर्ष 1999 के नवंबर महीने से प्रभात खबर अखबार में पत्रकारिता शुरू की. दुमका के रानीश्वर प्रखंड से पत्रकारिता करते हुए जनहित की खबरों को प्राथमिकता देना, हमेशा मेरा ध्येय रहा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >