घर में सो रहे 17 वर्षीय किशोर को सांप ने डंसा, इलाज के दौरान मौत

मसलिया के पलासी गांव में एक दुखद घटना में 17 वर्षीय सुफल हेंब्रम की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई. रात में सोते समय सांप ने दाहिने हाथ में काटा, जिसके बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

प्रतिनिधि, मसलिया. मसलिया थाना क्षेत्र के पलासी गांव में बीती रात जहरीले सांप के डंसने से 17 वर्षीय किशोर सुफल हेंब्रम की मौत हो गई. मृतक पलासी गांव निवासी स्वर्गीय लदो हेंब्रम का पुत्र था. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जमीन पर सो रहा था किशोर

जानकारी के अनुसार, सुफल हेंब्रम रात में घर के अंदर जमीन पर बिछावन लगाकर सोया हुआ था. इसी दौरान जहरीले सांप ने उसके दाहिने हाथ में डंस लिया. सर्पदंश का पता चलने के बाद उसके भाई और भाभी ने सांप की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका.

इसके बाद परिजन किशोर को इलाज के लिए सुबह दुमका स्थित फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

करीब 10 वर्ष पहले पिता की हो चुकी है मौत

बताया जाता है कि सुफल के पिता लदो हेंब्रम की करीब 10 वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है. उसकी मां रोजी-रोटी की तलाश में बंगाल में मजदूरी करती है. सुफल अपने बड़े भाई और भाभी के साथ रहता था.

किशोर की अचानक मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. अस्पताल से शव को परिजन वापस पलासी गांव स्थित घर ले आए. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मिलन कुमार साधु

मिलन कुमार साधु वर्ष 2010 से प्रभात खबर से जुड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत मसलिया प्रखंड के दलाही प्रतिनिधि के रूप में की थी. वर्तमान में वे प्रभात खबर के मसलिया प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं. सामाजिक, प्रशासनिक, राजनीतिक, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनसरोकार से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के संकलन एवं प्रकाशन में उनकी विशेष रुचि रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >