तिरपाल के नीचे छिपाकर ले जायी जा रही थी अवैध शराब, पुलिस ने पकड़ी बड़ी खेप

Dumka News: दुमका के काठीकुंड थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पिकअप वैन से 141 पेटी अवैध शराब बरामद की. तिरपाल से ढंककर शराब पश्चिम बंगाल से लाई जा रही थी. पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर अन्य तस्करों की तलाश शुरू कर दी है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

दुमका के काठीकुंड से अभिषेक कुमार की रिपोर्ट

Dumka News: झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है. पश्चिम बंगाल से दुमका लायी जा रही शराब को महिंद्रा पिकअप वैन में तिरपाल से ढंककर छिपाया गया था. पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.

गुप्त सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस

काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 8:25 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद और ब्लू रंग की महिंद्रा पिकअप वाहन संख्या जेएच10बीजी-3014 में अवैध शराब लोड कर पश्चिम बंगाल से दुमका की ओर लायी जा रही है. सूचना मिलते ही थाना में सनहा दर्ज किया गया और मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गयी. अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम को मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया.

दानीनाथ मंदिर के पास रोकी गयी पिकअप वैन

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अवर निरीक्षक मानकी हाईबुरु को दानीनाथ मंदिर के समीप जांच अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गयी. जांच के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका गया. पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें ब्लू रंग का तिरपाल ढंका हुआ मिला. ऊपर से खाली कार्टून रखकर शराब की खेप को छिपाने की कोशिश की गयी थी. संदेह होने पर पुलिस ने जब गहन जांच की तो वाहन के अंदर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई.

141 पेटी शराब और 6768 पाउच जब्त

तलाशी के दौरान पुलिस ने वाहन से कुल 141 पेटी अवैध शराब बरामद की. प्रत्येक पेटी में 180 एमएल के 48 पाउच रखे हुए थे. शराब के पाउच पर “ऑफिर्स च्वॉइस ऑरिजिनल व्हिस्की फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश ऑनली” अंकित था. पुलिस के अनुसार कुल 6768 पाउच शराब जब्त किये गये हैं. इसके अलावा वाहन में रखे 10 खाली कार्टून भी बरामद किये गये. पुलिस ने महिंद्रा पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है.

चालक गिरफ्तार, कई लोगों की तलाश जारी

मौके से जामताड़ा जिले के उदलबानी निवासी 46 वर्षीय लखन महतो को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि जब्त शराब जामताड़ा जिले के फागुडीह निवासी मनोज कुमार मंडल की है. उसने बताया कि शराब की खेप पश्चिम बंगाल के मुराराई थाना क्षेत्र स्थित राजग्राम इलाके से लोड की गयी थी और उसे दुमका लाया जा रहा था. पुलिस अब शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज

इस मामले में काठीकुंड थाना कांड संख्या 20/2026 दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 274, 275, 3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. गिरफ्तार चालक लखन महतो को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह ने कहा कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग की लोक अदालत में परिवहन विभाग के 50 मामले का निबटारा, 1 लाख से अधिक राजस्व की वसूली

छापेमारी दल में शामिल रहे ये अधिकारी

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक मानकी हाईबुरु, सह अनुसंधानकर्ता केदारनाथ पुरती तथा काठीकुंड थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

इसे भी पढ़ें: झारखंड अंडर-20 फुटबॉल टीम में हजारीबाग के रौशन कुमार का चयन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >