सावन खत्म, बासुकिनाथ में भादो के पहले दिन ही उमड़ा कांवरियों का सैलाब; ‘बोल बम’ से गूंजा धाम

सावन के बाद बासुकिनाथ में भादो मेले का शुभारंभ. हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की. जानें मेले की व्यवस्थाएं.

प्रतिनिधि, बासुकिनाथ. सावन मास के समापन के बाद भाद्रपद कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि शनिवार से बासुकिनाथ में भादो मेला शुरू हो गया. मेले के पहले ही दिन बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में कांवरियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालु बासुकिनाथ पहुंचे और बाबा की स्पर्श पूजा कर परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.

भादो मेला के पहले दिन श्रद्धालुओं में सावन मेले जैसा ही उत्साह और उमंग देखने को मिला. मंदिर परिसर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा.

सावन जैसा दिखा भक्तों का जोश

कांवरियों की लंबी कतार संस्कार मंडप से होते हुए क्यू कॉम्प्लेक्स और शिवगंगा कांवरिया शेड तक पहुंच गयी. कतार में लगे महिला और पुरुष शिवभक्तों को पुलिस व्यवस्था के बीच बारी-बारी से मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कराया गया. श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ का जलाभिषेक और स्पर्श पूजा की.

जलार्पण के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में आरती की. वहीं बड़ी संख्या में कांवरियों ने पवित्र शिवगंगा में डुबकी लगाकर स्नान किया और इसके बाद बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. पूरे मेला क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा.

सुरक्षा को लेकर दंडाधिकारी-पुलिस तैनात

भादो मेला को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गयी है. उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देश पर मेला क्षेत्र में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है. मंदिर के निकास गेट सहित प्रमुख स्थानों पर अधिकारियों की तैनाती की गयी है, जो मंदिर और मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं.

श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से गर्भगृह में प्रवेश कराने और सुगमतापूर्वक जलार्पण सुनिश्चित करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं.

300 रुपये में शीघ्रदर्शनम का टोकन

भादो मेला में श्रद्धालुओं को मंदिर कार्यालय से 300 रुपये में शीघ्रदर्शनम का टोकन उपलब्ध कराया जा रहा है. टोकन के माध्यम से कांवरिये शीघ्रदर्शनम की सुविधा का लाभ उठा रहे हैं. सावन मास में शीघ्रदर्शनम टोकन की कीमत 500 रुपये निर्धारित थी, जिसे भादो मेला में घटाकर 300 रुपये कर दिया गया है.

साफ-सफाई पर विशेष नजर

नगर पंचायत प्रशासक सार्जेंट मरांडी ने बताया कि भादो मेला के दौरान पूरे मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्था बनी रहेगी. सभी सफाईकर्मियों को नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं.

मंदिर प्रभारी सह सीओ संजय कुमार, बीडीओ कुंदन भगत, जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह और पुलिस निरीक्षक दयानंद साह मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाये हुए हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आदित्यनाथ पत्रलेख

आदित्यनाथ पत्रलेख वर्ष 2011 से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया, दोनों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखीं और राजनीतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर सटीक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की। जनहित से जुड़े विषयों पर फोकस्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों को सत्य एवं तटस्थता के साथ प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >