पेड़ा-दही की गुणवत्ता फेल: जांच के बाद बासुकिनाथ में 32 किलो खाद्य पदार्थ नष्ट

श्रावणी मेले में खाद्य सुरक्षा की पोल खुली. बासुकिनाथ में 15 प्रतिष्ठानों की जांच, 32 किलो पेड़ा-दही नष्ट.

प्रतिनिधि, बासुकिनाथ. श्रावणी मेला बासुकिनाथ में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार जांच अभियान चला रही है. इसी क्रम में टीम ने दर्शनीयटीकर से बाबा मंदिर रोड तक विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की. इस दौरान पेड़ा दुकानों, भोजनालय, चाट और चाउमिन स्टॉल समेत कुल 15 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया.

मोबाइल लैब में 47 नमूनों की जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से पेड़ा, हल्दी, सब्जी, दही, तेल समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 47 नमूनों की मौके पर जांच की गयी. जांच के दौरान कुछ खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाये गये.

इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए 31 किलो पेड़ा और एक किलो दही मौके पर ही नष्ट कराया. कार्रवाई के बाद संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया.

खुले में खाद्य सामग्री रखने पर होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा टीम ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बासुकिनाथ पहुंच रहे हैं. ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता.

टीम ने खाद्य कारोबारियों को खुले में खाद्य सामग्री नहीं रखने, दूषित सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की चेतावनी दी. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेला अवधि में इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जायेगी.

श्रावणी मेले में दुकानों में जांच करते खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

खाद्य कारोबारियों में मचा हड़कंप

मेला अवधि में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से नियमित रूप से खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है. पेड़ा और दही नष्ट कराने की कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप रहा.

अभियान के दौरान एफएसओ अंजना रानी मिंज, एफएसओ डेजी नीलिमा तिग्गा, एमएफटीएल के जूनियर एनालिस्ट शुभम कुमार और लैब अटेंडेंट सुधांश कुमार मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आदित्यनाथ पत्रलेख

आदित्यनाथ पत्रलेख वर्ष 2011 से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया, दोनों में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की बारीकियां सीखीं और राजनीतिक, सामाजिक तथा विकासात्मक मुद्दों पर सटीक एवं निष्पक्ष रिपोर्टिंग की। जनहित से जुड़े विषयों पर फोकस्ड रिपोर्टिंग और तथ्यों को सत्य एवं तटस्थता के साथ प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली की प्रमुख पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >