ढलान पर अनियंत्रित ट्रक ने वृद्ध को रौंदा, हुई मौत, एसआई की बाइक भी क्षतिग्रस्त

बताया गया कि विवेक बागती मछली पकड़कर जाल में बांधकर प्लास्टिक बोरे में लेकर जा रहे थे. प्रारंभ में पुलिस ने उन्हें प्लास्टिक चुनने वाला समझा.

रानीश्वर. दुमका–सिउड़ी मुख्य सड़क पर मसानजोर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराने थाना के समीप ढलान पर बुधवार सुबह एक लोड ट्रक के अनियंत्रित हो जाने से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गयी. हादसे में सड़क किनारे खड़ी मसानजोर थाना के एक एसआई की बुलेट मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गयी. मृतक की पहचान रानीबहाल गांव निवासी विवेक बागती (65) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वह प्रतिदिन की तरह मसानजोर डैम में मछली पकड़कर सुबह साइकिल से घर लौट रहा था. इसी दौरान ढलान पर ट्रक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे चल रहे वृद्ध को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. हादसे में उनकी साइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. बताया गया कि विवेक बागती मछली पकड़कर जाल में बांधकर प्लास्टिक बोरे में लेकर जा रहे थे. प्रारंभ में पुलिस ने उन्हें प्लास्टिक चुनने वाला समझा, लेकिन बाद में परिजनों से जानकारी मिलने पर स्थिति स्पष्ट हुई. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है. मृतक के पुत्र सूर्य बागती ने बताया कि मछली पकड़कर ही परिवार का भरण-पोषण होता था. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है. मसानजोर के थाना प्रभारी अवधेश कुमार का कहना है कि हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है. ट्रक चालक का कहना है कि ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटना हुई. इस संबंध में मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Binay kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >