दुमका : नगर परिषद दुमका के दैनिक वेतनभोगी सफाईकर्मियों एवं ट्रैक्टर चालकों ने आंदोलन के 23वें दिन एक मरा हुआ कुत्ता लाकर मुख्य गेट पर लटका दिया, जिसके दुर्गंध से कार्यालय के सारे कर्मी कामकाज छोड़कर बाहर निकल गये.
आश्वासन के बाद माने
हालांकि कार्यपालक पदाधिकारी एवं नगर परिषद अध्यक्ष ने पहुंच कर कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर नगर परिषद गंभीर है और 17 सितंबर को होने वाली बोर्ड की बैठक में उसे रखा जायेगा. इसके बाद मरे हुए कुत्ते को सफाई कर्मियों ने हटाया और साफ-सुथरा करके कामकाज शुरू कराया. दिये गये आश्वासन पर 16 सितंबर के आंदोलन को स्थगित कर दिया गया. दैनिक वेतनभोगी कर्मियों ने कहा कि बोर्ड की बैठक में सकारात्मक पहल नहीं हुई,
तो वे दुबारा आंदोलन करेंगे. उल्लेखनीय है कि ये दैनिक वेतन भोगी कर्मी श्रम कानूनों के तहत वेतन देने की मांग कर रहे हैं. आंदोलन में यूनियन लीडर संजीव कुमार राम, तूफान हरि, सन्नी हरि, विपिन हरि, अर्जुन हरि, रंजीत हरि, छोटेलाल हरि, अमर हरि, विक्की कुमार हरि, राजेश हरिजन आदि मौजूद थे.
