सरैयाहाट से कुमार चंद्रकांत की रिपोर्ट
Dumka News: झारखंड के दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के बहियार स्थित कोदवा बांध के पास एक कुएं से 36 साल की महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान अशोक पोद्दार की पत्नी पत्रिका देवी के रूप में हुई है.
सुबह-सुबह घर से निकली
परिजनों के अनुसार, महिला की शादी करीब 25 साल पहले हुई थी, लेकिन उसे कोई बच्चा नहीं था. बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह करीब 4 बजे वह शौच के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटी. काफी खोजबीन के बाद उसका शव कुएं में पाया गया.
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही सरैयाहाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, मौत के कारणों को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है, जिससे हत्या और आत्महत्या दोनों ही पहलुओं पर आशंका जताई जा रही है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि सूचना पर पुलिस घटनास्थल से शव को कब्जे में लेकर जरूरी प्रक्रिया करते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुमका भेज दिया है. इस मामले में थाना में अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: बोकारो में रंगेहाथ पकड़े गए CCL के अफसर: सेवानिवृत्त कर्मी के बेटे से घूस लेते दबोचे गए, पूरे दिन चली छापेमारी
यह भी पढ़ें: 16 हजार लीटर पानी का संकट होगा दूर: सरायकेला के राजनगर में खराब पड़ी जलापूर्ति योजना जल्द होगी बहाल
