दुमका : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज राज्य की उपराजधानी दुमका में प्रमंडल स्तरीय पंचायत सम्मेलन को संबोधित किया.मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि सरकार ने एसपीटी एक्ट के मूल स्वरूप में कोई छेड़छाड़ नहीं की है. उन्होंने कहा कि मैं क्या मेरे पिता भी एसपीटी एक्ट को नहीं बदल सकते हैं और न ही आदिवासियों की जमीन छिन सकते हैं. उन्होंने कहा कि कुछ विरोधी लोग हैं, जो आदिवासी व संताल का खुद को हिमायती समझते हैं. वे नहीं चाहते कि उनके घर बिजली पहुंचे, बच्चे पढ़ें. वे सिर्फ वोट बैंक के लिए इतने दिनों तक संताल के लोगों को शोषण किया. आज सरकार उनके विकास के लिए उन तक पहुंच रही है, तो विरोधियों के पेट में दर्द हो रहा है. रघुवर दास ने कहा कि अभी संताल में 11123 गांव हैं, जिसमें 50 ब्लॉक हैं और मात्र नौ हजार एसएचजी हैं. सिर्फ 17 ब्लॉक में एसएचजी बैंक हैं. लेकिन, सरकार का प्रयास है कि सभी ब्लॉक व गांव में एसएचजी बने. इसमें महिलाओं को आत्म नियोजन का प्रशिक्षण दिया जाये, क्याेंकि महिलाएं आत्मनिर्भर होगी तो राज्य व देश का विकास होगा.
इस दौरान उन्होंने कहा कि नारी शक्ति के साथ राज्य सरकार का साथ है. उन्होंने कहा कि हम हर जिले में हाट बनायेंगे, जहां ग्रामीण महिलाएं अपने हाथ से बनायी चीजों को बेच सकेंगी. रघुवर दास ने कहा कि राजधानी रांची के बाद अगला हाट उपराजधानी दुमका में ही बनेगा. इस दौरान उन्होंने अच्छा कार्य करने वाले कई स्वयं सहायता समूह का उल्लेख करते हुए उनके लिए मुख्यमंत्री कोष से एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की.
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि दिसंबर 2017 तक हर पंचायत को हम इंटरनेट से जोड़ देंगे. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि 2018 तक हमारी सरकार झारखंड के हर गांव में बिजली पहुंचा देगी. उन्होंने कहा कि हम संताल परगना के लोगों के लिए रोजगार उत्पन्न करेंगे. रघुवर दास ने कहा कि संताली भाषा में भी सरकार की नीतियां प्रकाशित की जायेंगी.
सीएम रघुवर दास ने कहा कि विकास कार्य के लिए पैसों की चिंता नहीं करें. उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से हम कंबल सहित कई चीजों का निर्माण कर लोगों को आत्मनिर्भर बना सकते हैं. उन्होंने कहा कि विकास का मतलब सिर्फ नाली बनाना नहीं, बल्कि व्यक्ति का विकास भी होना चाहिए. उन्होंने स्वयंसहायता समूहों से प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बनने की अपील की.
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने स्वयं समूह से जुड़ी महिलाओं से कहा कि मैं पूरी जिंदगी एक भाई की तरह आपका संरक्षक बन कर रहूंगा. उन्होंने इस दौरान हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में लोगों से अधिक से अधिक हिंदी का उपयोग करने की भी अपील की.
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, मंत्री अमर बाउरी, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे.
(संजीत मंडल के इनपुट के साथ इंटरनेट डेस्क)
