सिफारिशों के अनुसार अधिसूचना जारी होने के तिथि से 10 दिनों अंदर चुनाव संपन्न हो जाना चाहिए
दुमका : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने आरोप लगाया है कि सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय प्रशासन छात्र संघ के चुनाव में लिंगदोह कमेटी के सिफारिशों का अनुपालन नहीं कर रही है. लिंगदोह कमेटी के सिफारिशों के अनुसार अधिसूचना जारी होने के तिथि से 10 दिनों अंदर चुनाव संपन्न हो जाना चाहिए.
प्रेस वार्ता कर परिषद् के प्रदेश संगठन मंत्री यावलक्य शुक्ल ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन सिर्फ औपचारिकता पूरी करने के लिए चुनाव करना चाहती है. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव का कार्यक्रम जिस तरह से तय किया है, उससे खरीद-फरोख्त को बढ़ावा मिल सकता है और अपहरण जैसी घटनाएं घट सकती है. उन्होंने कहा कि 23 सितंबर को कॉलेजों का चुनाव परिणाम आयेगा. जिसके बाद दूसरे ही दिन 24 सितंबर को विश्वविद्यालय छात्र संघ का वोट होगा तो ऐसे में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी के पास संपर्क का महज रात भर का ही वक्त होगा.
श्री शुक्ल ने कहा कि एसकेएमयू के वीसी जेएमएम के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं. अभाविप जेएमएम के स्टूडेंट विंग के खिलाफ नहीं बल्कि जेएमएम के एजेंट के खिलाफ चुनाव लड़ रहा है. श्री शुक्ल ने कहा कि राज्यपाल से मिलकर इस बाबत शिकायत की जायेगी. इस अवसर पर प्रदेश मंत्री गुंजन मरांडी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रवि कुमार, सौरभ सिन्हा आदि उपस्थित थे.
