रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ भादो महोत्सव
शिकारीपाड़ा : पर्यटन कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा मलुटी में आयोजित भादो महोत्सव का विधिवत समापन हो गया. पूरे महोत्सव के दौरान कई प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये. जिसमें लोककला से लेकर आर्केस्ट्रा और भजन के साथ-साथ संताली नृत्य और गीतों से भी मलुटी घूमने आये दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया गया. गीत बहार, बादल पाल ग्रूप, मन म्यूजिक आदि कलादलों के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत किये. जिससे देर रात तक दर्शक आनन्दित होते रहे. पेड़ लगाओ,
पेड़ बचाओ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में 12-14 वर्ष आयु वर्ग मे प्रथम सुदीप साहा, द्वितीय प्रिया राउत, तृतीय सुहागिनी मरांडी को बीडीओ अरविन्द कुमार ने तथा 10-12 वर्ष आयु वर्ग मे प्रथम नवनीता रजक, द्वितीय लक्खी छत्रधर व तृतीय स्थान के लक्खी बाउरी को थाना प्रभारी अजय कुमार केशरी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया. सांस्कृतिक कार्यक्रम मे कोलकाता के मोनालिसा ने एक मीरा एक राधा दोनो के प्रेम मे अंतर क्या…बहरमपुर के संचयिता ने सत्यम शिवम सुन्दरम…मेरे रोम रोम में बसने वाले राम मैं तुझसे…आदि भजनों से श्रोताओं का मन मोह लिया. मौके पर मां मौलिक्षा सेवा समिति के अध्यक्ष कुमुद वरण राय, पंचायत के मुखिया मुंगीला टुडू, सोनाली चटर्जी, समीर कुमार साहा,उत्पल चौधरी, देवप्रिया मुखर्जी, विश्वजीत बनर्जी, नीलकंठ चटर्जी, नमिता राय, अंजन राय, कालीदास मुर्मू, सुरेन्द्र नारायण यादव आदि मौजूद थे.
