प्रभात खबर ने कुछ दिन पूर्व ही तटबंध टूटने की खबर को प्रमुखता से किया था प्रकाशित
खबर देख देवघर से पहुंचे सहायक अभियंता, शुरू कराया काम
रानीश्वर : बड़ानदी जलाशय से निकाले गये नहर के गेट के पास लिकेज हो जाने से जलाशय से अधिक मात्रा में पानी की निकासी होने की खबर प्रभात खबर में प्रमुखता से प्रकाशित होने पर सिंचाई विभाग जगा है. मामले को गंभीरता से लेते हुए लिकेज मरम्मती का काम शुरू कर दिया गया है़ कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता व कनीय अभियंता ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया तथा तत्काल लिकेज मरम्मती का काम शुरू करा दिया है़ सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता नवीन कुमार मोहली ने बताया कि प्रभात खबर ने मामले को उजागर किया था.
कहा कि उनका भादो मेले में देवघर में ड्यूटी थी. बड़ानदी जलाशय से लिकेज होने की खबर अखबार में प्रकाशित होने पर देवघर से यहां पहुंच कर मरम्मती का काम शुरू कराया गया. श्री मोहली ने बताया कि यहां करीब तीन साल से गेट के पास पहले ही टूटी हुई थी, जिसकी सूचना विभाग को पहले ही दे दी गयी थी. डैम के नीचे से पानी की निकासी हो सकती है, पर मिट्टी धंस जाने से खतरा है़ धंसान को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर काम कराया जा रहा है़ सिंचाई विभाग की टीम यहां मौजूद रहकर काम में लगी हुई है.
