खेल का उद्घाटन समाज कल्याण मंत्री डाॅ लोइस मरांडी करेंगी
कैरम, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, शतरंज, कराटे व क्विज जैसे खेलों का होगा आयोजन
दुमका : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को इंडोर स्टेडियम में प्रारंभ होने वाले इंडोर खेल का उद्घाटन समाज कल्याण मंत्री डाॅ लोइस मरांडी द्वारा किया जायेगा. इंडोर स्टेडियम में आयोजन की पूरी तैयारी कर ली गयी है. खेलकूद संघ द्वारा इंडोर स्पोटर्स का ये 9वां आयोजन है. आयोजन की तैयारियों को लेकर इंडोर स्टेडियम में उपविकास आयुक्त चितरंजन कुमार की अध्यक्षता में एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गयी.
बैठक में उपनिदेशक जनसंपर्क अजय नाथ झा तथा जिला खेलकूद संघ से जुड़े उमाशंकर चौबे, मदन कुमार, जयराम शर्मा, स्मिता आनंद, घनश्याम एवं अधिकारी शामिल हुए. इंडोर खेल के अंतर्गत कैरम, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, शतरंज, कराटे एवं स्पोटर्स क्विज जैसे खेलों का आयोजन किया जा रहा है. यह प्रतियोगिता एक सितंबर तक आयोजित किया जायेगा. स्कूली बच्चों सहित आमजनों में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है. ताइक्वांडो खेल के 25-30 भार वर्ग में शामिल होने वाले प्रतिभागी आनंद कुमार तथा रोहित के साथ आकांक्षा,
साक्षी प्रेरणा आदि कई खिलाड़ी बेहद उत्साहित हैं. उसी प्रकार कैरम, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, शतरंज, कराटे एवं स्पोटर्स क्विज की तैयारी भी जोरों से चल रही है. उपविकास आयुक्त चितरंजन कुमार ने भी बैडमिंटन ऑफिसियल वर्ग के डबल्स मुकाबले में अपना जौहर दिखाने के लिए जम कर पसीना बहाया.
