रानीश्वर : बाल विकास परियोजना के अंतर्गत प्रखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्र के लिए 5 अगस्त से पोषण सखी चयन के लिए ग्रामसभा हो रही है, पर ग्रामसभा में विभिन्न पंचायतों के मुखिया भाग लेने में कम रुचि रख रहे हैं. रविवार को बृंदावनी पंचायत के कई गांवों में पोषण सखी चयन के लिए ग्रामसभा आयोजित की गयी,
पर पंचायत के मुखिया पंकज टुडू ने ग्रामसभा में भाग नहीं लिया. मुखिया श्री टुडू ने बताया कि पोषण सखी चयन के लिए आयोजित ग्रामसभा किये जाने से संबंधित स्पष्ट चिट्ठी नहीं दी गयी है. रानीश्वर में 204 आंगनबाड़ी केंद्र के लिए पहले ग्रामसभा हुई थी. विभिन्न कारणों से 51 केंद्र के लिए पोषण सखी का चयन नहीं हो सका था. ऐसे केंद्रों के लिए दोबारा ग्रामसभा हो रही है़ ग्रामसभा 9 अगस्त तक चलेगी. मुखिया श्री टुडू ने बताया कि किस कारण से पोषण सखी का चयन नहीं हो पाया था, इसकी स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी जा रही है.
