मृतक देवघर पालाजोरी थाना का रहनेवाला था
बासुकिनाथ : तालझारी थानांतर्गत देवघर- बासुकिनाथ मुख्य मार्ग एनएच-114ए पर बुधवार को बुढ़ीकुरूवा गांव के समीप एक इनोवा एपी-31एटी-160 गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. तेज गति से आ रही उक्त गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सोलर लाइट के पोल में टक्कर मार दी. पोट टूट कर पंक्चर दुकान में काम कर रहे एक टायर मिस्त्री गफूर अंसारी (32) के सिर पर जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गयी. वह देवघर पालाजोरी थाना का रहनेवाला था. बुढ़ीकुरूवा गांव स्थित दुकान में टायर पंक्चर बनाने का काम करता था. सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी नारायण प्रजापति पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे.
उन्होंने बताया कि तेज गति में जा रही अनियंत्रित इनोवा गाड़ी ने ओवरटेक करने के दौरान सड़क किनारे स्थित सोलर लाइट के पोल में जोरदार ठोकर मार दी. जिससे पोल टूट कर सड़क किनारे दुकान में पंक्चर ठीक कर रहे मिस्त्री के सिर पर गिरा. जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया. कुछ देर बाद उसकी मौत हो गयी. दुर्घटना के बाद गाड़ी के चालक एवं यात्री भाग गया. पुलिस गाड़ी को जब्त कर थाने ले गयी है. आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद देवघर बासुकिनाथ मुख्य मार्ग एनएच114ए को जाम कर दिया. ग्रामीण रोड ब्रेकर लगवाने की मांग करने लगे. छोटी बड़ी वाहनों की लंबी कतार लगी. करीब एक घंटा तक रोड जाम रहा. थाना प्रभारी नारायण प्रजापति ने लोगों को समझा बुझा कर जाम हटवाया.
