बासुकिनाथ : उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, गोटकरैया, जरमुंडी के छात्र-छात्राओं एवं पोषक क्षेत्र के ग्रामीणों ने शुक्रवार को विद्यालय विलय के प्रक्रिया का विरोध जताते हुए हंगामा किया और नारे लगाये.
कहा विद्यालय का विलय किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जायेगा. इस विद्यालय के विलय प्रक्रिया में विभागीय मानकों का ध्यान नहीं रखा गया है. इस विद्यालय से मध्य विद्यालय तालझारी तथा प्राथमिक विद्यालय मचला की दूरी करीब तीन किलोमीटर है. स्कूल तक जाने के लिए बच्चों को रेलवे लाइन होकर गुजरना पड़ेगा. ग्राम शिक्षा समिति के अध्यक्ष सुमित्रा देवी एवं उपाध्यक्ष अर्जुन राउत ने बताया कि इस स्कूल के नामांकित बच्चे दूसरा विद्यालय जो दूर है, नहीं जायेगा. ग्रामीण गुणेश्वर पंडित, रवि राउत, सीताराम राउत आदि ने बताया कि जरमुंडी प्रखंड के कुछ स्कूलों की विलय प्रक्रिया में विभागीय निर्देशों का अनुपालन नहीं किया गया है. जमीनी स्तर पर किसी भी पदाधिकारी द्वारा गांव आकर स्कूल का भौतिक सत्यापन नहीं किया गया.
