मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, मुख्यमंत्री और जयराम महतो से बात कराने की मांग; विधायक से बातचीत के बाद उतरा

धनबाद में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. सीएम या विधायक जयराम महतो से बात की मांग पर घंटों बाद नीचे उतरा. पुलिस कर रही पूछताछ.

धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के बादलपुर काजी टोला में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 24 वर्षीय जाहिद अंसारी मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद टुंडी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया.

सुबह करीब आठ बजे टावर पर चढ़ा युवक

बताया गया कि जाहिद अंसारी सुबह करीब आठ बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया था. टावर पर पहुंचने के बाद उसने पुलिस और स्थानीय लोगों से अपनी बात राज्य के मुख्यमंत्री या विधायक जयराम महतो से कराने की मांग की.

युवक की मांग के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे समझाने का प्रयास किया. कई घंटे तक समझाने के बाद भी युवक नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ. इसके बाद उसकी बात विधायक जयराम महतो से फोन पर करायी गयी.

विधायक से फोन पर बातचीत के बाद नीचे उतरा

विधायक जयराम महतो से फोन पर बातचीत होने के बाद जाहिद अंसारी टावर से नीचे उतर आया. इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. टावर से नीचे आने के बाद युवक को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया और उससे पूछताछ शुरू की.

टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने बताया कि एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया था. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया गया. बातचीत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.

ये भी पढ़ें: SNMMCH में स्टेट कोटा की 67 सीटों पर दाखिला पूरा, प्रमाण-पत्र मान्य नहीं होने पर एक आवेदन रद्द

टावर पर चढ़ने की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार, युवक ने अब तक टावर पर चढ़ने की स्पष्ट वजह नहीं बतायी है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों की जानकारी जुटायी जा रही है.

वहीं, टावर से नीचे उतरने के बाद जाहिद अंसारी ने मीडिया से कहा कि वह अपनी परेशानी सीधे सरकार तक पहुंचाना चाहता है और अपनी समस्या किसी और के माध्यम से नहीं बतायेगा. युवक की समस्या और टावर पर चढ़ने के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस की पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Jyoti roy

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >