धनबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गयी, जब रणधीर वर्मा चौक के पास स्थित कृषक बाजार में खून से लथपथ एक युवक का शव बरामद हुआ. युवक की हत्या निर्मम तरीके से गला रेत कर की गयी है. उसकी गर्दन पर आगे व पीछे दोनों ओर से वार करने के निशान हैं. मृतक की पहचान रोहित वर्मा (21 वर्ष) के रूप में की गयी है. वह पिछले कई सालों से इसी खंडहरनुमा कृषक बाजार में रहकर गुजारा करता था. शुक्रवार की सुबह जब स्थानीय लोग कृषक बाजार पहुंचे तो देखा कि सीढ़ी पर खून लगा है. जब कुछ लोग सीढ़ी से ऊपर गये तो देखा कि एक दुकान के बाहर रोहित का शरीर खून से लथपथ पड़ा है. चारों तरफ खून के दाग हैं, वहीं सीढ़ी के पास खून से सने चप्पल के दाग मिले. लोगों ने धनबाद थाना को मामले की सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने पहुंच कर छानबीन शुरू की, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
खोजी कुत्ते का ली गयी मदद
घटनास्थल धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडेय भी दल बल के साथ पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने जांच के लिए खोजी कुत्ता भी मंगवाया. कुत्ता घटनास्थल से निकलकर आसपास की कई दुकानों तक गया, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर वापस लौट आया. पुलिस को शक है कि अपराधी आसपास के इलाके से ही जुड़े हो सकते हैं.पुलिस को मिले कई अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग भी मिले हैं. सीढ़ियों पर खून से सने चप्पल के निशान,कई लोगों के पैर व अन्य सामान के निशान भी मिले हैं. आशंका जतायी जा रही है कि इस हत्या में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं. पुलिस इन सुरागों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.कई लोगों से की पूछताछ
थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने घटनास्थल के आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. उन्होंने बताया कि हर पहलू की जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.बचपन में ही पिता के साथ आया था धनबाद
इधर सूचना मिलने पर रोहित की बहन भिस्तीपाड़ा साहू गली निवासी रितू वर्मा भी पहुंची. उसके अनुसार वे लोग मूलरूप से बोकारो के रहने वाले हैं. वे लोग बचपन में ही पिता नारायण वर्मा के साथ धनबाद आ गये थे. पिता किसी दुकान में काम करते थे. कई साल पहले माता-पिता का निधन हो जाने से रोहित अकेला पड़ गया था. वह बहन के पास भी नहीं रहता था. वह दिन में छोटा-मोटा काम करता और रात को कृषक बाजार में ही सोकर गुजारा करता था. स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि रोज की तरह गुरुवार की रात को भी रोहित खाना खाने के बाद यहां खाली पड़ी एक दुकान में सोने चला गया था. सुबह उसकी हत्या की खबर पता चली. इस घटना से यहां व्यापारियों में डर का माहौल है. लोगों ने बताया कि वह किसी खटाल में दूध पहुंचाने का भी काम करता था.
