बरवाअड्डा. झारखंड शिक्षा परियोजना, रांची के अंतर्गत शिक्षा विभाग की ओर से पीएमश्री प्लस टू हाईस्कूल बिराजपुर में कराये जा रहे थ्री-एलबी भवन निर्माण कार्य को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने विरोध जताया. ग्रामीणों ने ठेकेदार पर निर्माण कार्य में धांधली और घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए काम बंद करा दिया. इस दौरान ग्रामीणों और बिचौलियों के बीच कहासुनी भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बनी रही.
सूचना मिलने पर कनीय अभियंता तजम्मुल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इसके बाद स्थिति सामान्य हुई.
जोरिया के बालू के इस्तेमाल का आरोप
ग्रामीणों ने जेइ को बताया कि भवन निर्माण में जोरिया के बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है. उनका आरोप है कि ठेकेदार बिचौलियों को आगे कर घटिया निर्माण कार्य करा रहा है. ग्रामीणों ने कहा कि निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विरोध करने पर ठेकेदार की ओर से झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है.
ये भी पढ़ें: कतरास कॉलेज में सीटें घटने से नामांकन संकट की आशंका, विधायक प्रतिनिधि ने सीटें बढ़ाने की मांग की
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि घटिया निर्माण कार्य जारी रहा तो डीसी कार्यालय के समीप धरना दिया जायेगा.
जांच में खराब मिली बालू की गुणवत्ता
कनीय अभियंता तजम्मुल ने कहा कि निर्माण स्थल की जांच में बालू की गुणवत्ता खराब पायी गयी है. जांच में जो भी कमियां सामने आयी हैं, उन्हें दूर करने और सामग्री बदलने का निर्देश ठेकेदार को दिया गया है. उन्होंने कहा कि जब तक निर्माण कार्य में सुधार नहीं किया जाता, तब तक काम बंद रहेगा.
