निरसा/मैथन. काली पहाड़ी दक्षिण पंचायत में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची के पुनर्गठन में तकनीकी गड़बड़ी का मामला सामने आया है. डीवीसी प्राथमिक विद्यालय रांची कॉलोनी स्थित बूथ संख्या 262 में SIR की प्रक्रिया के बाद एक मतदाता का नाम रह गया. इस बूथ पर पहले कुल 434 मतदाता दर्ज थे. SIR के बाद यहां करीब 190 मतदाता रह गये थे.
इसके बाद बूथ संख्या 262 के मतदाताओं को बूथ संख्या 265 में मर्ज किया जाना था. बताया जा रहा है कि मर्ज की प्रक्रिया के दौरान जिला स्तर पर तकनीकी समस्या के कारण एक मतदाता का नाम बूथ संख्या 262 से स्थानांतरित नहीं हो सका. इसके कारण बूथ संख्या 262 में एक मतदाता का नाम रह गया.
वहीं SIR के दौरान बूथ संख्या 262 में नये मतदाताओं के नाम भी जोड़े गये हैं. इससे बूथ के पुनर्गठन की प्रक्रिया और जटिल हो गयी.
एक ही विद्यालय में बने हैं पांच बूथ
बूथ संख्या 262 डीवीसी प्राथमिक विद्यालय, रांची कॉलोनी में स्थित है. इसी विद्यालय परिसर में बूथ संख्या 261, 262, 263, 264 और 265 भी बनाये गये हैं. इन्हीं बूथों के बीच मतदाताओं के समायोजन और मर्ज की प्रक्रिया की जा रही थी.
बूथ संख्या 262 के मतदाताओं को बूथ संख्या 265 में शामिल किया जाना था. लेकिन तकनीकी समस्या के कारण मर्ज की प्रक्रिया पूरी तरह सफल नहीं हो सकी और एक मतदाता का नाम बूथ संख्या 262 में रह गया.
अब बूथ 262 में वापस लाने की तैयारी
एक मतदाता के बूथ संख्या 262 में रह जाने के बाद अब प्रशासन की ओर से बूथ संख्या 265 में मर्ज किये गये मतदाताओं को दोबारा बूथ संख्या 262 में लाने की प्रक्रिया की जा रही है. संबंधित स्तर पर तकनीकी समस्या को दूर कर मतदाता सूची को दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: धनबाद में बिजली संकट और गहराया, TTPS के बाद DVC के कोडरमा प्लांट की यूनिट भी ठप
स्थानीय स्तर पर पूरे मामले को SIR प्रक्रिया के दौरान हुई तकनीकी गड़बड़ी के रूप में देखा जा रहा है. एक बूथ से सैकड़ों मतदाताओं के स्थानांतरण और पुनर्गठन के बीच एक मतदाता का बूथ संख्या 262 में रह जाना प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े करता है. हालांकि पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मतदाता सूची की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी.
