छाताबाद में गोफ से धार्मिक स्थल की सुरक्षा पर बढ़ी चिंता, चौथे दिन भी भराई जारी

छाताबाद के पांडेय तालाब के पास बने गोफ ने आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर चिंता बढ़ा दी है. बीसीसीएल प्रबंधन गोफ की भराई के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन बारिश के कारण काम में बाधा आ रही है. स्थानीय लोग देवस्थलों को बचाने की मांग कर रहे हैं.

छाताबाद काजूबगान स्थित पांडेय तालाब के समीप बने गोफ ने अब आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. गोफ की भराई के लिए शनिवार को चौथे दिन भी बीसीसीएल प्रबंधन की कवायद जारी रही. हालांकि, लगातार हो रही बारिश के कारण भराई कार्य में परेशानी आ रही है. गोफ के आसपास की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों और धार्मिक समिति ने देवस्थल की सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी है.

मशीनों से गोफ तक पहुंचने का बनाया गया रास्ता

गोविंदपुर क्षेत्र के जीएम सत्यकाम आनंद, न्यू आकाशकिनारी कोलियरी के पीओ अरविंद कुमार झा, प्रबंधक अमित कुमार समेत कई अधिकारी शनिवार को मौके पर पहुंचे. गोफ तक भारी मशीनों को पहुंचाने के लिए पेलोडर, डोजर और जेसीबी की मदद से रास्ता तैयार किया गया. इंजीनियर अभिनाश कुमार ने टीम के साथ पाइप जोड़ने और उसकी मरम्मत का काम भी कराया.

देवस्थल की सुरक्षा का उठाया मुद्दा

इसी दौरान सती देव स्थान पूर्ण उत्थान सेवा समिति के संगठन मंत्री चंद्रशेखर पांडेय ने बीसीसीएल अधिकारियों से मुलाकात कर धार्मिक स्थल की सुरक्षा का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि सती स्थल ब्राह्मण समाज की कुलदेवी का स्थान है. इसके समीप मां काली का मंदिर भी है. ऐसे में गोफ के कारण इन धार्मिक स्थलों के अस्तित्व पर खतरा उत्पन्न होना गंभीर विषय है.

चंद्रशेखर पांडेय ने स्पष्ट कहा कि देवस्थल को किसी भी तरह का नुकसान बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचा, तो समाज आर-पार की लड़ाई के लिए बाध्य होगा. मामले की जानकारी सांसद ढुलू महतो और विधायक शत्रुघ्न महतो को देने की भी बात कही.

पहले गोफ की भराई, फिर सुरक्षा की योजना : पीओ

न्यू आकाशकिनारी कोलियरी के पीओ अरविंद कुमार झा ने कहा कि फिलहाल प्रबंधन की प्राथमिकता गोफ की भराई करना है. भराई का काम पूरा होने के बाद देवस्थल की सुरक्षा को लेकर आगे की योजना तैयार की जायेगी.

लगातार बारिश के बीच बीसीसीएल की टीम गोफ की भराई में जुटी हुई है. अब स्थानीय लोगों की नजर इस बात पर है कि गोफ को स्थायी रूप से भरने के साथ आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए प्रबंधन क्या कदम उठाता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kamdeo singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >