Dhanbad News: झारखंड के सिंदरी से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है. सिंदरी के पूर्व विधायक आनंद महतो के छोटे बेटे और वर्तमान विधायक चंद्रदेव महतो के छोटे भाई डॉ बुद्धदेव महतो (44 वर्ष) का शनिवार को रांची में निधन हो गया. वे काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई.
हजारीबाग टेक्निकल यूनिवर्सिटी में थे लेक्चरर
डॉ बुद्धदेव महतो हजारीबाग टेक्निकल यूनिवर्सिटी में लेक्चरर के पद पर कार्यरत थे. वे शिक्षा के क्षेत्र में एक समर्पित शिक्षक के रूप में जाने जाते थे. छात्रों और सहकर्मियों के बीच उनकी सरलता, अनुशासन और विषय पर मजबूत पकड़ के लिए विशेष पहचान थी. उनके असामयिक निधन से विश्वविद्यालय परिवार को भी गहरा आघात पहुंचा है.
परिवार में कौन-कौन
डॉ बुद्धदेव महतो के परिवार में उनकी पत्नी सरिता देवी, 3 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ और गौतम हैं. उनका पार्थिव शरीर रांची से बलियापुर के बड़ादाहा गांव लाया जा रहा है. घटना की खबर सुनते ही काफी संख्या में विधायक चंद्रदेव महतो और भाकपा माले के समर्थक के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं कार्यकर्ता घटना पर शोक संवेदना प्रकट करने के लिए बड़ादाहा स्थित उनके आवास पर जुटने लगे हैं.
परिवार और समर्थकों में शोक
डॉ बुद्धदेव महतो के निधन से महतो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. विधायक चंद्रदेव महतो समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. राजनीतिक और सामाजिक जगत से जुड़े कई लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की है.
इसे भी पढ़ें: एम्बुलेंस में डीजल नहीं, बरवाडीह में तड़पता रहा ब्रेन हेमरेज का मरीज
आज होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार डॉ बुद्धदेव महतो का अंतिम संस्कार शनिवार की शाम चार बजे सरीसाकुड़ी घाट में किया जाएगा. उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचने की संभावना है.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग के बड़कागांव में गोलीबारी, जेवर दुकान में 25 लाख के गहने की लूट
