धनबाद में सक्रिय कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क को लेकर बड़ा खुलासा होने जा रहा है. उसके राइट हैंड माने जाने वाले सैफी उर्फ मेजर की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को ऐसे कई अहम सुराग मिले हैं, जो शहर में फैले रंगदारी और हवाला नेटवर्क की गहराई को उजागर करते हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सैफी को धनबाद के कई सफेदपोश लोगों का संरक्षण प्राप्त था, जो न सिर्फ रंगदारी के मामलों में सहयोग करते थे, बल्कि गैंग को मोबाइल नंबर व टारगेट की जानकारी भी उपलब्ध कराते थे.
कई माध्यम से पहुंचता था पैसा
सैफी के मोबाइल फोन से कई अहम सबूत मिले हैं. इसमें रंगदारी की रकम वसूलने, धमकी देने और अलग-अलग लोगों से संपर्क के पुख्ता प्रमाण शामिल हैं. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि धनबाद समेत अन्य जिलों से हवाला के जरिए बड़ी रकम प्रिंस खान व उसके नेटवर्क तक पहुंचायी जाती थी. इससे यह साफ होता है कि यह गिरोह सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं था. बल्कि इसका नेटवर्क अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला है.
जल्द धनबाद लाया जायेगा सैफी
सैफी उर्फ मेजर फिलहाल पश्चिम बंगाल पुलिस की गिरफ्त में है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है. धनबाद पुलिस भी उसे अपनी कस्टडी में लेने की तैयारी में जुट गयी है. इसके लिए जल्द ही कोर्ट में आवेदन किया जाएगा. कस्टडी मिलने के बाद ट्रांजिट रिमांड पर उसे धनबाद लाया जाएगा, जहां उससे और बड़े खुलासों की उम्मीद है.
प्रिंस खान की पत्नी, बच्चे और भाई दुबई में
पुलिस को जानकारी मिली है कि गैंगस्टर प्रिंस खान ने दुबई छोड़कर पाकिस्तान में शरण ले ली है. जबकि उसकी दोनों पत्नियां और बच्चे अब भी दुबई में रह रहे हैं. बच्चे स्कूल जा रहे हैं और उसकी दोनों पत्नियां एक ही फ्लैट में रह रही हैं. यह जानकारी सैफी ने पुलिस को दी है. वहीं सूत्रों ने बताया कि सैफी ने पूछताछ के दौरान बताया कि गोपी व रितिक गैंग का काम संभाले हुए हैं और परिवार के साथ दुबई में रह रहे हैं. पुलिस गोपी खान समेत गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
धनबाद आने के बाद कई के नाम होंगे उजागर
धनबाद पुलिस का मानना है कि सैफी को धनबाद लाने के बाद कई सफेदपोश चेहरों से पर्दा उठ सकता है. साथ ही, रंगदारी के पुराने मामलों की भी परतें खुल सकती हैं. सैफी की गिरफ्तारी को धनबाद पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. वहीं शहर में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को भी नयी धार मिली है.