धनबाद. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 17.25 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है. मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 17,300 रुपये बतायी गयी है. आरपीएफ ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त शराब और संबंधित दस्तावेज उत्पाद विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
फुटओवर ब्रिज पर संदिग्ध अवस्था में मिला व्यक्ति
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर को वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम धनबाद रेलवे स्टेशन पर गश्त और निगरानी कर रही थी. इसी दौरान सुबह करीब 4:40 बजे कालका छोर स्थित फुटओवर ब्रिज पर एक व्यक्ति दो बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया. पूछताछ के दौरान उसने बैग में अंग्रेजी शराब होने की बात स्वीकार की.
गया होते हुए मसौढ़ी ले जाने की थी योजना
प्रारंभिक पूछताछ में संबंधित व्यक्ति ने बताया कि वह शराब को धनबाद-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस से गया ले जाने और वहां से दूसरी ट्रेन पकड़कर मसौढ़ी पहुंचाने की योजना में था. इसके बाद आरपीएफ टीम ने बैग की तलाशी ली. जांच में विभिन्न राज्यों में बिक्री के लिए चिह्नित रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की कुल 24 बोतलें बरामद हुईं.
24 बोतलों में 17.25 लीटर शराब बरामद
जब्त शराब में उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बिक्री के लिए चिह्नित बोतलें शामिल हैं. आरपीएफ के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 17.25 लीटर है. मौके पर जब्ती सूची तैयार की गयी और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद व्यक्ति को हिरासत में लिया गया.
उत्पाद विभाग करेगा आगे की कार्रवाई
आरपीएफ ने बताया कि मामले में सहायक उपनिरीक्षक जीबलाल राम की लिखित शिकायत के आधार पर जब्त शराब को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंपा जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच में यह भी देखा जायेगा कि शराब की खरीद और परिवहन से जुड़े दस्तावेज वैध थे या नहीं तथा इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है.
आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे परिसर में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को दें, ताकि अवैध कारोबार और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके.
ये भी पढ़ें: कतरास में नौकरी के नाम पर 50 लाख की ठगी का आरोप, पीड़ित बोले- न नौकरी मिली, न रुपये वापस हुए
