Ramnavami 2026, धनबाद (प्रतीक पोपट): रामनवमी पर्व को लेकर धनबाद पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है. त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या उपद्रव से निपटने के लिए जिले में व्यापक स्तर पर तैयारी की गयी है. इसी क्रम में सोमवार को पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जहां दंगा और आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास किया गया.
दंगा नियंत्रण का लाइव अभ्यास
मॉक ड्रिल के दौरान दंगा निरोधक टीम ने संभावित उपद्रव की स्थिति से निपटने का प्रदर्शन किया. पुलिस जवानों ने भीड़ को नियंत्रित करने, आंसू गैस के गोले दागने और रबर बुलेट के इस्तेमाल की प्रक्रिया का अभ्यास किया. इस दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि किसी भी वास्तविक स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
Also Read: रामगढ़ में दिनदहाड़े ‘चेन स्नैचिंग’ का तांडव: महिला के गले से सोने की चेन झपटकर भागे लुटेरे
अधिकारियों ने दिये जरूरी निर्देश
मौके पर मौजूद डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार ने जवानों को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में संयम बनाये रखना सबसे अहम है. उन्होंने स्पष्ट किया कि हर कार्रवाई पुलिस मैनुअल के तहत ही की जानी चाहिए. साथ ही जवानों को भीड़ से उलझने के बजाय सूझबूझ के साथ हालात को संभालने और उपद्रवियों की पहचान पर विशेष ध्यान देने को कहा.
सुमित कुमार, डीएसपी सीसीआर
सतर्कता और तत्परता पर जोर
वहीं डीएसपी शंकर कामती ने भी जवानों को हर परिस्थिति में सतर्क और तैयार रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी और शांति व्यवस्था बनाये रखना प्राथमिकता है.
शंकर कामती, डीएसपी 01
