संस्कार ज्ञानपीठ प्लस टू विद्यालय, हरिणा में शुक्रवार को धनबाद पुलिस की ओर से साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान बरोरा थाना प्रभारी अभय कुमार तथा अवर पुलिस निरीक्षक सुबोध प्रमाणिक के नेतृत्व में आयोजित किया गया. इसमें विद्यार्थियों व शिक्षकों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई.
मुख्य अतिथि कतरास सर्किल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम अंसारी ने विद्यार्थियों को फर्जी कॉल व संदेश, ऑनलाइन ठगी, ओटीपी तथा बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा करने के खतरों के प्रति सचेत किया.
बरोरा थानेदार अभय कुमार ने विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प दिलाया. उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता दोनों जरूरी है. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
विद्यालय के निदेशक डॉ. मुकेश कुमार राय ने कहा कि डिजिटल युग में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी आवश्यक है. उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं सतर्क रहने के साथ परिवार और समाज के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया. कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थी शामिल हुए.
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध निदेशक नीरजा राय ने की. इससे पूर्व अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. दौरान विद्यालय परिवार की ओर से पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया गया.
