धनबाद. बाघमारा प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने चार नयी योजनाओं की ई-निविदा जारी की है. इन योजनाओं के तहत बौआकला उत्तरी, मोहलीडीह और रंगुनी पंचायत में पाइपलाइन का विस्तार किया जायेगा तथा बड़ी संख्या में घरों तक नल से जल पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की जायेगी. चारों योजनाओं पर कुल 3.47 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. विभाग ने सभी कार्यों को 45 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है.
कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल की ओर से जारी निविदा के अनुसार योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति नेटवर्क का विस्तार करना और अधिक से अधिक परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराना है.
ये भी पढ़ें: Coal India: कोल इंडिया कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी, इस खास सर्टिफिकेट को जमा करते ही मिलेंगे 1 लाख रुपये
मोहलीडीह पंचायत में 1607 घरों को मिलेगा नल कनेक्शन
मोहलीडीह पंचायत में 1050 मीटर लंबी 100 एमएम व्यास की डीआई-के7 पाइपलाइन का विस्तार किया जायेगा. इसके साथ 1607 फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (एफएचटीसी) उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है. इस योजना की अनुमानित लागत 89.45 लाख रुपये है.
योजना पूरी होने के बाद पंचायत के 1607 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलने की उम्मीद है.
बौआकला उत्तरी पंचायत में दो अलग-अलग योजनाएं
बौआकला उत्तरी पंचायत के बौआकला भाग गांव स्थित बड़की बौआ के सात नंबर क्षेत्र में 100 एमएम और 150 एमएम डीआई-के7 पाइपलाइन का विस्तार किया जायेगा. इस योजना के लिए 88.87 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है.
इसी पंचायत के बड़की बौआ नारायण विहार क्षेत्र में भी 100 एमएम और 150 एमएम डीआई-के7 पाइपलाइन विस्तार की अलग योजना स्वीकृत की गयी है. इस कार्य पर 95.09 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. दोनों योजनाओं का वित्तपोषण जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड से किया जायेगा.
रंगुनी पंचायत के पासवान टोला में बढ़ेगा जलापूर्ति नेटवर्क
रंगुनी पंचायत के रंगुनी गांव स्थित पासवान टोला में 100 एमएम डीआई-के7 पाइपलाइन विस्तार का कार्य कराया जायेगा. इस योजना के लिए 73.55 लाख रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है.
विभाग का मानना है कि योजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति का दायरा बढ़ेगा और अधिक परिवारों को पाइपलाइन आधारित जलापूर्ति सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.
28 सितंबर तक जमा होंगे ऑनलाइन टेंडर
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने ई-प्रोक्योरमेंट के माध्यम से निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है. विभागीय कार्यक्रम के अनुसार निविदा का प्रकाशन 21 सितंबर को किया जायेगा. इच्छुक एजेंसियां 28 सितंबर की शाम चार बजे तक ऑनलाइन निविदा जमा कर सकेंगी.
इसी अवधि तक निविदा प्रपत्र शुल्क और अग्रधन राशि भी ऑनलाइन जमा करनी होगी. तकनीकी बिड 29 सितंबर को शाम चार बजे खोली जायेगी. बिड खोलने की प्रक्रिया अधीक्षण अभियंता कार्यालय, पेयजल एवं स्वच्छता अंचल, धनबाद में संपन्न होगी.
विभागीय अधिकारियों के अनुसार निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करना होगा, ताकि संबंधित पंचायतों के ग्रामीणों को जल्द पेयजल सुविधा का लाभ मिल सके.
ये भी पढ़ें: स्पीड पोस्ट से भेजते हैं पार्सल? बदल गए डाक विभाग के रेट, देखें 500 ग्राम से 5 किलो तक की नई लिस्ट
