शहर के प्रसिद्ध किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ मिहिर कुमार को जान से मारने की धमकी मिली है. सोमवार को धमकी भरा पर्चा बिरसा मुंडा पार्क नावाडीह स्थित किडनी केयर क्लिनिक में चिपका मिला. डॉ मिहिर कुमार ने धनबाद थाना में इस बाबत लिखित शिकायत की है. पुलिस ने पर्चा जब्त करने के साथ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. इधर, धमकी भरा पर्चा मिलने के बाद डॉ मिहिर, उनके परिजन और क्लिनिक में काम करने वाले स्टॉफ डरे हुए हैं.
चार तारीख को गोली मारने की दी गयी है धमकी
डॉ मिहिर कुमार के किडनी केयर क्लिनिक की आइसीयू के बगल में सोमवार को एक पत्र साटा हुआ मिला, जो उनके स्टॉफ असलम ने देखा. उसने इसकी फोटो खींच कर डॉ मिहिर कुमार की पत्नी को भेज दिया. उनकी पत्नी ने फोन कर उन्हें मामले की जानकारी दी. सूचना मिलने पर डॉ मिहिर क्लिनिक पहुंचे.
जानें क्या लिखा है धमकी भरे पत्र में
क्लिनिक में चिपकाये गये पत्र में लिखा है- डॉ मिहिर कुमार, तुम्हारी किस्मत अच्छी थी, जो तुम उस दिन बचे गये. उस दिन मैं गन के साथ आया था. लेकिन उस लड़का ने गन के साथ देख लिया था. उसी दिन तुम्हें गोला मारता, जिस तरह से नीरज सिंह को मारा था. उसी तरह तुझे भी मारूंगा. हलके में मत लेना. जितना जीना था, तुम जी लिये. चार तारीख को तुमको मार दूंगा. जो लड़का मुझे गन के साथ देखा था, उसे भी मार दूंगा. एसपी के पास या डीएसपी के पास जाओ, तुझे मरना होगा.
पहली बार है जब पत्र चिपका कर दी गयी धमकी
धनबाद में यह पहली बार है जब किसी डॉक्टर के क्लीनिक में जाकर किसी अपराधी ने पत्र चिपका कर धमकी दी हो. अब ऐसे में पुलिस क्लिनिक व आसपास लगे सीसीटीवी कैमराें का फुटेज खंगाल रही है.
वर्ष 2022 मई में डॉ समीर से भी मांगी गयी थी रंगदारी
वर्ष 2022 के मई माह में धनबाद के नामी डॉ समीर से भी रंगदारी मांगने की घटना सामने आयी थी. इसके बाद वह शहर छोड़ कर चले गये थे. बाद में धनबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमन सिंह (अब मृत) के चार गुर्गों को गिरफ्तार किया. पुलिस के आश्वासन के बाद डॉ समीर धनबाद लौटे थे. अब धनबाद के एक और डॉक्टर को हत्या की धमकी मिली है.
