धनबाद से प्रतीक पोपट
Dhanbad: कहते हैं कि अगर सपने बड़े हों और हौसले मजबूत, तो मुश्किल रास्ते भी मंजिल तक पहुंचा ही देते हैं. झरिया के चौथाई कुल्ही, भालगोड़ा 2 नंबर चानक निवासी विकास कुमार सिंह और उनकी पत्नी कोमल कुमारी सिंह ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है. 70वीं बीपीएससी परीक्षा के परिणाम में दोनों ने सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. विकास कुमार सिंह का चयन प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी यानी BPRO के पद पर हुआ है. उन्होंने 1058वां रैंक हासिल किया है. वहीं उनकी पत्नी कोमल कुमारी सिंह ने 489वां रैंक प्राप्त कर डीएसपी पद के लिए चयनित होकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है.
एक फैसला और बदल गई जिंदगी
इस दंपति की सफलता की सबसे खास बात यह है कि दोनों ने अपनी शादी के ठीक अगले दिन बीपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा दी थी. जहां शादी के बाद ज्यादातर लोग नई जिंदगी की शुरुआत और पारिवारिक रस्मों में व्यस्त होते हैं, वहीं विकास और कोमल अपने सपनों को पूरा करने के लिए परीक्षा केंद्र पहुंचे थे. उस समय लिया गया यह फैसला आज उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी सफलता बन गया है.
नौकरी छोड़ तैयारी में जुटी रहीं कोमल
बेगूसराय की रहने वाली कोमल कुमारी सिंह पहले राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत थीं, लेकिन उनका सपना प्रशासनिक सेवा में जाने का था. इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़कर पूरी तरह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू की और दूसरे प्रयास में डीएसपी बनने का मुकाम हासिल किया.
विकास ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार को दिया
वहीं, विकास कुमार सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया है. उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई सूरज कुमार सिंह ने हर मुश्किल दौर में उनका हौसला बढ़ाया और लक्ष्य से भटकने नहीं दिया. विकास और कोमल की यह कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. दोनों ने साबित कर दिया कि मेहनत, धैर्य और मजबूत इरादों के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती.
ये भी पढ़ें…
धनबाद पहुंचे इरफान अंसारी, बोले- शिबू सोरेन को मिलना चाहिए भारत रत्न
धनबाद में कालूबथान पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी की 13 बाइक्स के साथ पांच चोर गिरफ्तार
