Dhanbad News: बीसीसीएल की सुदामडीह एएसपी कोलियरी के फायर पैच एसटीजी आउटसोर्सिंग कंपनी में पूर्व के विस्थापितों को पानी, बिजली के साथ समुचित व्यवस्था करने, कार्य से हटाए गये ठेका मजदूरों को पुनः काम पर रखने सहित सात सूत्री मांगों को ले जनता श्रमिक संघ ने शुक्रवार को प्रोजेक्ट का चक्का जाम कर दिया. उसके बाद लोग अनिश्चितकालीन धरना पर बैठ गये. नेतृत्व संघ की सचिव ममता सिंह ने किया. सभा में ममता सिंह ने कहा कि आउटसोर्सिंग परियोजना से काफी मात्रा में धूलकण और प्रदूषण फैल रहा है. उससे आसपास के लोग बीमारग्रस्त हो रहे हैं. प्रबंधन की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए कोई रोकथाम नहीं की जा रही है. आउटसोर्सिंग के जद में आये मुंडा पट्टी, बंगाली कोठी व अजमेरा के लोगों को जबरन दूसरी जगह बसाया गया, लेकिन उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलीं. प्रबंधन द्वारा निर्धारित 20 हजार रुपये का मुआवजे का भी भुगतान नहीं किया गया है. कहा कि प्रबंधन द्वारा यूनियन की मांगों पर यदि तत्काल सकारात्मक पहल नहीं की गयी, तो उग्र आंदोलन किया जायेगा. मौके पर केंद्रीय सचिव शिव कुमार यादव, सचिव ममता सिंह, मुन्ना सिंह, लता कुशवाहा, रूपा सिंह, रूदल पासवान, गुड़िया सिंह, रीना सेन, कुसुम देवी, शहनाज खातून, उमेश कुमार सिंह, सोनी देवी, मधु देवी, निशा देवी, सरस्वती मुंडा, बलराम रवानी आदि थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
