धनबाद से विक्की प्रसाद की रिपोर्ट
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के एसएनएमएमसीएच (शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) के रेडियोलॉजी विभाग में आज मंगलवार को एक्स-रे मशीन अचानक खराब हो जाने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. आज सुबह से ही एक्स-रे जांच कराने के लिए पहुंचे मरीजों की लंबी कतार लग गई, लेकिन मशीन ठप रहने के कारण घंटों इंतजार के बाद भी जांच नहीं हो सकी. स्थिति तब और बिगड़ गई जब मरीजों और उनके परिजनों का आक्रोश बढ़ने लगा. कई लोग दर्द और गंभीर समस्या के बावजूद जांच नहीं हो पाने से नाराज दिखें. देखते ही देखते हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई. मरीजों का कहना था कि दूर-दराज से आने के बावजूद उन्हें बिना इलाज के लौटना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है.
स्थिति गंभीर होता देख होमगार्ड के जवानों ने संभाला मोर्चा
अस्पताल प्रबंधन को जैसे ही स्थिति की गंभीरता का अंदाजा हुआ, वैसे ही वहां तुरंत होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया. जवानों ने मोर्चा संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और स्थिति को बिगड़ने से बचाया. इसके बावजूद करीब 100 से अधिक मरीज बिना एक्स-रे कराए ही वापस घर लौट गए.
बुधवार तक मशीन दुरुस्त होने की संभावना
अस्पताल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि एक्स-रे मशीन में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के लिए इंजीनियरों को बुलाया गया है. प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द मशीन को दुरुस्त कर सेवा बहाल की जाए. अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि बुधवार तक मशीन ठीक हो जाएगी और मरीजों को राहत मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 2034 पदों पर हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति नहीं, 6 महीने पहले हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
इसे भी पढ़ें: बदहाल जिंदगी जी रहे शहीद बख्तर साय के वंशज, गढ़पहाड़ को टूरिस्ट प्लेस विकसित करने की मांग
इसे भी पढ़ें: ड्रग्स मुक्त झारखंड के लिए हाईकोर्ट का मास्टर प्लान, स्कूलों में जागरूकता और तस्करों पर कड़ी कार्रवाई का आदेश
