डुमरी विधायक जयराम महतो की डिस्चार्ज पिटीशन पर सुनवाई टली, अब 22 जून को अगली सुनवाई

Dhanbad News: डुमरी विधायक जयराम महतो की डिस्चार्ज पिटीशन पर धनबाद के एमपी-एमएलए कोर्ट में सुनवाई टल गयी है. सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप के मामले में अब अगली सुनवाई 22 जून को होगी. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

धनबाद से परमेश्वर प्रसाद बारी की रिपोर्ट

Dhanbad News: सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप करने से जुड़े मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो की ओर से दायर डिस्चार्ज पिटीशन पर बुधवार को सुनवाई होनी थी. यह सुनवाई धनबाद स्थित एमपी-एमएलए न्यायालय के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी अर्पिता नारायण की अदालत में निर्धारित थी. हालांकि अपरिहार्य कारणों से मामले की सुनवाई नहीं हो सकी. अदालत ने अब इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 22 जून 2026 की तारीख निर्धारित की है. इस मामले को लेकर राजनीतिक और कानूनी हलकों में काफी चर्चा हो रही है.

सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का है आरोप

जयराम महतो पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस को चकमा देकर फरार होने और पुलिस बल पर समर्थकों द्वारा हमला कराने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. यह मामला पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव के दौरान सामने आया था. प्राथमिकी के अनुसार पुलिस टीम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए गयी थी, लेकिन इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गयी और पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न हुई. मामले में पुलिस ने कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया था.

अवर निरीक्षक की शिकायत पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी

इस मामले में प्राथमिकी नगरी थाना के अवर निरीक्षक रितेश कुमार महतो की शिकायत पर दर्ज की गयी थी. बोकारो जिले के बीएसटी थाना में 2 मई 2024 को यह केस दर्ज हुआ था. एफआईआर में कहा गया है कि जयराम महतो के खिलाफ रांची की अदालत से गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. इसी वारंट के आधार पर पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पहुंची थी. उस समय जयराम महतो विधानसभा चुनाव के नामांकन के सिलसिले में बोकारो गये हुए थे.

नामांकन के दौरान हुई थी पुलिस कार्रवाई

बताया जाता है कि पुलिस टीम वारंट के निष्पादन के लिए बोकारो पहुंची थी. इसी दौरान जयराम महतो के समर्थकों की भीड़ वहां जुट गयी. प्राथमिकी में आरोप लगाया गया कि पुलिस को अपना काम करने से रोका गया और माहौल तनावपूर्ण बना दिया गया. पुलिस का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान जयराम महतो वहां से निकल गये और उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका. साथ ही समर्थकों द्वारा पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की और विरोध किये जाने की भी बात एफआईआर में दर्ज है.

इसे भी पढ़ें: बेरमो के ढोरी इंकलाइन में हुई थी देश की दूसरी सबसे बड़ी खान दुर्घटना, 268 मजदूरों की हुई थी मौत

अभियोजन को जवाब दाखिल करने का निर्देश

डुमरी विधायक की ओर से अदालत में डिस्चार्ज पिटीशन दाखिल की गयी है. इस पिटीशन में मामले से मुक्त किये जाने की मांग की गयी है. अदालत ने इस पर अभियोजन पक्ष को प्रतिउत्तर दाखिल करने का निर्देश दिया है. अब अगली सुनवाई 22 जून को होगी, जिसमें अभियोजन पक्ष अपना जवाब अदालत में प्रस्तुत कर सकता है. इसके बाद अदालत यह तय करेगी कि मामले में आगे सुनवाई चलेगी या डिस्चार्ज पिटीशन पर कोई निर्णय लिया जायेगा.

इसे भी पढ़ें: कोयला उत्पादन की अंधी दौड़ में उजड़ रहे जंगल, टंडवा-केरेडारी से गायब होती हरियाली

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >