धनबाद के जागृत मंदिर चीरागोड़ा से रविवार को विशाल शोभा यात्रा निकाली गयी. आकर्षक झांकियों और बैंड-बाजे के साथ नगर भ्रमण पर निकली शोभायात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे. बंगाल से आये आकर्षक झांकी व रामगढ़ के सुनामी बैंड ने लोगों का मन मोह लिया. शोभा यात्रा में आगे आतिशबाजी की जा रही थी, वहीं पीछे फूलों की बारिश की जा रही थी. मंदिर में प्रतिष्ठित होने वाले देव प्रतिमाओं की तस्वीर भी झांकी के साथ चल रही थी. इस दौरान जय माता दी के जयकारे से पूरा इलाका गूंज उठा. नगर भ्रमण में धनबाद विधायक राज सिन्हा, समाजसेवी कुंभनाथ सिंह, पप्पू साव, वरिष्ठ अधिवक्ता अयोध्या प्रसाद, अमरेंद्र सहाय आदि मौजूद थे.
जगह-जगह हुआ स्वागत :
नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह शोभा यात्रा का स्वागत शरबत, कोल्ड ड्रिंक, फ्रूटी आदि पिलाकर किया गया. जागृत मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी अजय कुमार भट्ट ने बताया कि यज्ञ मंडप में सुबह यज्ञ शुरू हुआ. वहीं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोपहर में स्थापित देव प्रतिमाओं का महास्नान कराया गया. इसके बाद शोभा यात्रा मंदिर से निकलकर तेलीपाड़ा, पार्क मार्केट, हीरापुर, रणधीर वर्मा चौक, कंबाइंड बिल्डिंग, बेकारबांध, डीआरएम चौक होते हुए पुन: मंदिर परिसर पहुंची. शाम को भगवती जगदंबा भगवान रुद्र, बजरंगबली, राधा-कृष्ण, भगवान राम, लक्ष्मण, भगवती सीता की शयन आरती की गयी. 15 जुलाई को प्राण प्रतिष्ठा के बाद विशाल भंडारा तथा जागरण का आयोजन होगा. यज्ञ आचार्य सुबोध पांडे के नेतृत्व में आचार्य धर्मेंद्र पांडे, सुनील पांडे, अखिलेश पांडे, गणेश शास्त्री, रतन पांडे, सौरभ दुबे, विक्की मिश्रा, लवकुश पांडे, सत्यानंद पांडे, ऋषभ कुमार, सुमन पांडे, श्रीकांत पांडे, नीतीश पांडे द्वारा रुद्री व चंडी पाठ किया गया. यज्ञ आचार्य सुबोध पांडे ने बताया कि सोमवार को सुबह छह बजे से यज्ञ मंडप में यज्ञ शुरू हो जायेगा. शुभ योग व शुभ मुहूर्त में माता जगदंबा, भगवान शंकर, राम दरबार, राधा-कृष्ण, बजरंग बली, शिव लिंग, शीतला माता की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जायेगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
