Dhanbad News : सुपर स्पेशियलिटी में चार नये चिकित्सक देंगे योगदान, अगले सप्ताह से ओपीडी होगी शुरू

हर दिन चलेगा न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, यूरोलॉजी का ओपीडी, गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी, नेफ्रोलॉजी व सर्जिकल व रेडिएशन ऑन्कोलॉजी की ओपीडी सेवा रहेगी साप्ताहिक

एसएनएमएमसीएच के समीप बने सुपर स्पेशियलिटी की ओपीडी सेवा में विस्तार की कवायद शुरू कर दी गयी है. सुपर स्पेशियलिटी के लिए पूर्व में हुए साक्षात्कार में पहुंचे चिकित्सकों में चार की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. इनमें न्यूरो सर्जरी के डॉ वैभव कुमार, डाॅ नवोदय कुमार के अलवा यूरोलॉजी के डॉ साकेत नारनोली व प्लास्टिक सर्जन डॉ धनंजय कुमार शामिल हैं. मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार सभी चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. कुछ दिनों में सभी के साथ एमओयू की प्रक्रिया पूरी कर ओपीडी सेवा शुरू करने की तैयारी है. मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार अगले सप्ताह से नियुक्त किए जाने वाले चिकित्सकों की ओपीडी शुरू करने की तैयारी है.

छह दिन चलेगी न्यूरो, प्लास्टिक सर्जरी व यूरोलॉजी की ओपीडी :

चार नये चिकित्सकों के योगदान देने के बाद न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी व यूरोलॉजी की ओपीडी सप्ताह में छह दिन चलाने की तैयारी है. वर्तमान में न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, यूरोलॉजी व रेडिएशन ऑन्कोलॉजी की ओपीडी सप्ताह में दो दिन व सर्जिकल ऑन्कोलॉजी व गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी की ओपीडी का संचालन सप्ताह में एक दिन हो रहा है.

कल से शुरू होगी नेफ्रोलॉजी विभाग की ओपीडी :

23 अगस्त से नेफ्रोलॉजी (किडनी रोग) विभाग की ओपीडी सेवा शुरू हो जायेगी. यहां किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ आफताब सेवा देंगे. हर शनिवार को सुपर स्पेशियलिटी के नेफ्रोलॉजी विभाग के ओपीडी में डॉ आफताब दिन के 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक मरीजों को चिकित्सीय परामर्श देंगे. एसएनएमएमसीएच में पहली बार नेफ्रोलॉजी की ओपीडी सेवा शुरू होने जा रही है. सुपर स्पेशियलिटी में ओपीडी सेवा नि:शुल्क होगी.

वर्तमान में इन विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सक दे रहे सेवा

यूरोलॉजी में डॉ गाैरव प्रकाश, न्यूरो सर्जरी में डॉ राजेश कुमार सिंह, प्लास्टिक सर्जरी के डॉ गौरव पटोदिया, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के डॉ संदीप कपूर वर्मा, मेडिकल गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी के डॉ संजय कुमार सिंह, सर्जीकल ऑन्कोलॉजी के डॉ अली जैद अनवर.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Narendra kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >