गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में 85 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गये. घायल की पहचान गोविंदपुर के भितिया निवासी फटिक चंद्र दास के रूप में हुई है. हादसे में उनका बायां हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज के लिये एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार फटिक चंद्र दास शुक्रवार को अपने घर से सब्जी खरीदने के लिए निकले थे. इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. वाहन की टक्कर से वह सड़क पर गिर गये और गंभीर रूप से घायल हो गये.
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना गोविंदपुर पुलिस को दी. पुलिस की मदद से घायल वृद्ध को तत्काल इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच भेजा गया.
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी स्थिति की जांच कर इलाज शुरू किया. दुर्घटना में उनके बायें हाथ में गंभीर चोट आयी है. पुलिस ने घटना की जानकारी वृद्ध के परिजनों को दे दी है. परिजन भी अस्पताल पहुंच गये हैं. पुलिस दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
