धनबाद के युवा क्रिकेटर कोनैन कुरैशी का चयन दलीप ट्रॉफी के लिए पूर्व क्षेत्र की टीम में हुआ है. पूर्व क्षेत्र की टीम रविवार से बेंगलुरु में मध्य क्षेत्र के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी. प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट में पूर्व क्षेत्र की टीम का हिस्सा बनना कोनैन के क्रिकेट करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है.
ईशान किशन को कमान, वैभव सूर्यवंशी उपकप्तान
पूर्व क्षेत्र की टीम की कप्तानी विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को सौंपी गयी है, जबकि वैभव सूर्यवंशी उपकप्तान की भूमिका में होंगे. टीम में धनबाद के कोनैन कुरैशी को भी शामिल किया गया है. उनके चयन से धनबाद क्रिकेट संघ और स्थानीय क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है.
बिना प्रथम श्रेणी मैच खेले मिला मौका
कोनैन की खास उपलब्धि यह है कि उन्होंने अभी तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट का कोई मुकाबला नहीं खेला है. इसके बावजूद दलीप ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट के लिए पूर्व क्षेत्र की टीम में जगह बनाना उनके प्रदर्शन और प्रतिभा के प्रति चयनकर्ताओं के भरोसे को दर्शाता है.
अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का मिलेगा अनुभव
पूर्व क्षेत्र की टीम में शामिल होने से कोनैन को देश के अनुभवी और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा. दलीप ट्रॉफी का मंच उनके लिए अपनी क्षमता साबित करने और प्रथम श्रेणी क्रिकेट में करियर की मजबूत शुरुआत की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मौका होगा.
डीसीए पदाधिकारियों ने दी बधाई
कोनैन के चयन पर धनबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार और महासचिव विनय कुमार सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की. डीसीए के उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, जावेद खान, संयुक्त सचिव बीएच खान, अरविंद महता समेत प्रबंध समिति के अन्य सदस्यों ने भी कोनैन के चयन पर खुशी जतायी और उन्हें शुभकामनाएं दीं.
