Dhanbad News: आरएस मोड़ कॉलेज की बाउंड्रीवाल पर विवाद सुलझा, निर्माण कार्य होगा शुरू

Dhanbad News: मामला मौजा रतनपुर की करीब 10.84 एकड़ जमीन से जुड़ा है, जिसमें प्लॉट संख्या 569, 560, 565 और 636 शामिल हैं. इस जमीन का हाल सर्वे खतियान आरएस मोड़ कॉलेज, गोविन्दपुर (रांची विश्वविद्यालय) के नाम से दर्ज है.

गोविन्दपुर स्थित आरएस मोड़ कॉलेज की बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर चल रहा विवाद अब काफी हद तक स्पष्ट हो गया है. अंचल अधिकारी गोविन्दपुर धर्मेन्द्र कुमार दुबे द्वारा अपर समाहर्ता को भेजे गए जांच प्रतिवेदन में कहा गया है कि संबंधित भूमि का खतियान कॉलेज के नाम दर्ज है, ऐसे में निर्माण कार्य में कोई प्रशासनिक बाधा नहीं है और काम शुरू कर दिया गया है.

क्या था पूरा विवाद और कहां फंसा था पेंच

मामला मौजा रतनपुर की करीब 10.84 एकड़ जमीन से जुड़ा है, जिसमें प्लॉट संख्या 569, 560, 565 और 636 शामिल हैं. इस जमीन का हाल सर्वे खतियान आरएस मोड़ कॉलेज, गोविन्दपुर (रांची विश्वविद्यालय) के नाम से दर्ज है. हालांकि कुछ रैयतों ने पुराने दलील (रजिस्ट्री दस्तावेज) के आधार पर करीब 14 डिसमिल जमीन पर अपना दावा ठोक दिया. इसी दावे को लेकर बाउंड्रीवाल निर्माण में पेंच फंस गया था और काम रुक-रुक कर चल रहा था.

प्रशासन, मुखिया और ग्रामीणों के साथ हुई बैठक

विवाद को सुलझाने के लिए अंचल अधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी, स्थानीय मुखिया, ग्रामीणों और कॉलेज प्रबंधन के साथ संयुक्त बैठक की गई. बैठक में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे हाल सर्वे खतियान से असहमत हैं और अपने दावे को लेकर न्यायालय में वाद दायर करेंगे. वहीं प्रशासन ने रिकॉर्ड के आधार पर कहा कि वर्तमान में मान्य खतियान कॉलेज के नाम पर है.

निर्माण में नहीं होगी बाधा, कानूनी लड़ाई अलग

अंचल अधिकारी ने अपने प्रतिवेदन में साफ कहा है कि चूंकि जमीन का वर्तमान खतियान कॉलेज के नाम है, इसलिए बाउंड्रीवाल निर्माण में कोई बाधा नहीं है. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि रैयत अपने दावे को लेकर न्यायालय जाते हैं, तो वह एक अलग कानूनी प्रक्रिया होगी. फिलहाल प्रशासन की अनुमति से बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vicky Prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >