Dhanbad News : ज्वाइनिंग रिपोर्ट जमा करने के चार घंटे बाद युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

Dhanbad News : ज्वाइनिंग रिपोर्ट जमा करने के चार घंटे बाद युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

Dhanbad News : बीसीसीएल के इजे एरिया में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आयी. नौकरी मिलने की खुशी परिवार ठीक से मना भी नहीं पाया था कि ज्वाइनिंग की रिपोर्ट जमा करने के चार घंटों बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. मृतक की पहचान जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के पारबाद बस्ती निवासी रंजीत कुमार महथा (38) के रूप में हुई है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार रंजीत कुमार महथा की मां स्वर्गीय मृदुला देवी बीसीसीएल के लोदना क्षेत्र स्थित जीनागोड़ा में स्विच मजदूर थी. उनके निधन के बाद अनुकंपा के आधार पर करीब छह वर्षों के इंतजार और संघर्ष के बाद उसे 11 जून को बीसीसीएल के इजे एरिया में नियुक्ति पत्र मिला था. मंगलवार को वह औपचारिक रूप से नौकरी ज्वाइन करने पहुंचा था, उसकी रिपोर्ट जीएम कार्यालय में जमा किया. संभवत: उसे बुधवार से किस जगह ड्यूटी करनी है, यह बताया जाता. आज उनके साथ तीन और लोगों ने रिपोर्ट जमा की थी. रंजीत ने मंगलवार सुबह क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट जमा की और अन्य औपचारिकताएं पूरी कीं. इसके बाद वह अपने घर पारबाद लौट रहा था. इसी दौरान मोहलबनी ग्राउंड के समीप सड़क किनारे वह बेहोशी की हालत में पड़ा मिला. स्थानीय लोगों की सूचना पर सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने युवक की जेब की तलाशी ली तो उसमें बीसीसीएल नियुक्ति से संबंधित दस्तावेज, पहचान पत्र तथा अन्य कागजात मिले. दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान हुई. जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में रंजीत को इलाज के लिए सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

विभिन्न बिंदुओं पर पुलिस कर रही है जांच

स्थानीय लोगों का अनुमान है कि रंजीत किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया होगा. हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इंकार किया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल सड़क दुर्घटना समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. सुदामडीह पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है.

नवंबर में होने वाली थी शादी

परिजनों के अनुसार रंजीत की शादी इसी वर्ष नवंबर महीने में होने वाली थी. नौकरी मिलने के बाद घर में खुशियों का माहौल था और विवाह की तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं. लेकिन नौ इस घटना ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं. रंजीत अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बड़े भाई सुजीत कुमार महथा, मंझले भाई विश्वजीत महथा तथा विवाहित बहन टुलु चक्रवर्ती का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल शव को एसएनएमएमसीएच के मॉर्चरी में रखा गया है. बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जायेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >