धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और सीआइबी की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत शराब तस्करी के आरोप में पटना के गायघाट निवासी मोनू कुमार और अशोक कुमार को गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से 88 बोतल शराब बरामद की गयी है. जब्त शराब की अनुमानित कीमत 7480 रुपये है.
उत्पाद विभाग के हवाले किए गए दोनों आरोपी
दरअसल, 14 अगस्त को वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त धनबाद के निर्देश पर निरीक्षक प्रभारी धनबाद के नेतृत्व में गठित स्पेशल टॉस्क टीम, आरपीएफ पोस्ट धनबाद और सीआइबी/धनबाद की टीम स्टेशन पर निगरानी कर रही थी.
वहीं, रात करीब 11 बजे प्लेटफॉर्म नंबर दो के कालका छोर स्थित सीएंडडब्ल्यू कार्यालय के पीछे दो संदिग्ध व्यक्ति एक-एक भारी पिट्ठू बैग लेकर जाते दिखे. पूछताछ में दोनों ने बैग में अंग्रेजी शराब होने की बात स्वीकार की. दोनों के पास कोई वैध कागजात नहीं मिला.
पूछताछ में उन्होंने अधिक कीमत पर बिहार में शराब खपाने की बात स्वीकार की. आरपीएफ ने गवाहों के समक्ष शराब जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया और परिजनों को सूचना दी. बाद में दोनों को जब्त शराब सहित आरपीएफ पोस्ट धनबाद लाया गया. फिलहाल दोनों को उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया है.
