धनबाद, एसएनएमएमसीएच में खराब पीएसए ऑक्सीजन प्लांट चौथे दिन दुरुस्त कर लिया गया. पटना (बिहार) से आयी तकनीकी टीम ने लगातार मरम्मत के बाद रविवार को दिन के लगभग 10 बजे प्लांट को चालू कर अस्पताल प्रबंधन को हैंडओवर कर दिया. इसके साथ ही अस्पताल में पाइपलाइन के जरिये ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो गयी. गुरुवार की शाम हुई तेज थंडरिंग के दौरान पीएसए प्लांट ब्रेकडाउन हो गया था. इसके बाद अस्पताल में गंभीर ऑक्सीजन संकट उत्पन्न हो गया. स्थिति ऐसी हो गयी थी कि पूरे अस्पताल की ऑक्सीजन व्यवस्था सिलिंडर और कंसंट्रेटर के भरोसे चलानी पड़ी.
व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी में जुटा प्रबंधन
अस्पताल अधीक्षक डॉ डीके गिंदौरिया ने बताया कि पीएसए प्लांट पूरी तरह चालू हो चुका है और ऑक्सीजन आपूर्ति सामान्य हो गयी है. उन्होंने कहा कि सोमवार से अस्पताल में सभी तरह के बड़े और छोटे ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिए जाएंगे. अस्पताल प्रबंधन अब भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए ऑक्सीजन व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी में जुट गया है.
