धनबाद, भीषण गर्मी में बिजली की मांग में अचानक बढ़ोतरी ने जेबीवीएनएल की व्यवस्था पर दबाव बढ़ा दिया है. ओवरलोड के कारण शहर में रोटेशन के आधार पर बिजली आपूर्ति की जा रही है. इससे आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है. स्थिति यह रही कि शनिवार को सुबह 10 बजे के बाद शहर के कई इलाकों में 15 मिनट बिजली आपूर्ति के बाद लगभग आधे घंटे तक कटौती की जा रही थी. इस कारण भीषण गर्मी में एसी, पंखे और कूलर बंद होने से घरों में रहना मुश्किल हो गया है. छोटे बच्चों, बुजुर्गों व बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. जेबीवीएनएल के अधिकारियों के अनुसार गर्मी में बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ने से मांग और आपूर्ति के बीच लगभग 100 मेगावाट का अंतर आ गया है. आमतौर पर धनबाद में सप्लाई के लिए 210 से 230 मेगावाट बिजली की जरूरत है. वर्तमान में खपत बढ़कर 330 मेगावाट के पार पहुंच गयी है.
चार घंटे की जगह डीवीसी ने छह घंटे ठप रखी सप्लाई
वहीं डीवीसी द्वारा पाथरडीह व भितिया ग्रिड में मेंटेनेंस के नाम पर सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रखने की घोषणा की गयी थी, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी सप्लाई सामान्य नहीं हो सकी. शाम करीब चार बजे बिजली आपूर्ति शुरू की गयी. इससे उपभोक्ताओं को करीब छह घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी. डीवीसी ग्रिड से जेबीवीएनएल के एसएनएमएमसीएच परिसर स्थित सबस्टेशन, कुसुम विहार और तेलीपाड़ा सबस्टेशन को बिजली आपूर्ति की जाती है. सप्लाई बहाल होने के बाद भी दिनभर बिजली आने-जाने का सिलसिला जारी रहा. बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से लोग बेहाल रहे.
