धनबाद के हीरक स्क्वायर फ्लैट एसोसिएशन में लाखों का गबन, बाप-बेटा और दो बेटियों पर केस दर्ज

झारखंड के धनबाद में फ्लैट एसोसिएशन के लाखों रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है. एसोसिएशन के सचिव और परिवार के सदस्यों पर धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप है. पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.


Dhanbad News: झारखंड के धनबाद के मेमको मोड़ स्थित हीरक स्क्वायर फ्लैट एसोसिएशन में लाखों रुपये के कथित गबन का मामला सामने आया है. एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष निर्मल कुमार महतो ने बरवाअड्डा थाना में आवेदन देकर एसोसिएशन के सचिव कन्हैया सिंह और उनके परिवार के सदस्यों पर धोखाधड़ी, जालसाजी और एसोसिएशन के फंड का गबन करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जाली हस्ताक्षर कर खाते से निकाले 10 लाख

बरवाअड्डा थाना में दिए गए आवेदन में कोषाध्यक्ष निर्मल कुमार महतो ने बताया कि फ्लैट के रखरखाव और मेंटेनेंस के लिए एसोसिएशन के बैंक खाते में करीब 10 लाख रुपये जमा थे. इस खाते का संयुक्त संचालन सचिव कन्हैया सिंह और कोषाध्यक्ष निर्मल कुमार महतो द्वारा किया जाता था. आरोप है कि सचिव कन्हैया सिंह ने चेक पर कोषाध्यक्ष के जाली हस्ताक्षर कर बैंक से 10 लाख रुपये अपने व्यक्तिगत खाते में स्थानांतरित करा लिये. इसके बाद इस राशि अपने परिवार के सदस्यों के खातों में ट्रांसफर कर दी.

बेटियों के खाते में भेजी गई राशि

शिकायत के अनुसार, कन्हैया सिंह ने अपने व्यक्तिगत खाते में राशि आने के बाद उसे अपनी बेटियों शालिनी सिंह और संजना सिंह के खातों में ट्रांसफर कर दिया. कोषाध्यक्ष का आरोप है कि यह पूरा लेनदेन सुनियोजित तरीके से किया गया और इसमें परिवार के अन्य सदस्यों की भी भूमिका रही. उन्होंने आरोप लगाया कि एसोसिएशन के सदस्यों की जानकारी के बिना बैंक खाते से राशि निकालकर उसका दुरुपयोग किया गया.

6 से 7 लाख रुपये नकद जमा नहीं करने का भी आरोप

निर्मल कुमार महतो ने आवेदन में यह भी कहा है कि फ्लैट में रहने वाले लोगों से मेंटेनेंस शुल्क के रूप में 6 से 7 लाख रुपये नकद एकत्र किए गए थे. आरोप है कि इस राशि को भी सचिव ने एसोसिएशन के बैंक खाते में जमा नहीं कराया. उन्होंने बताया कि बैंक स्टेटमेंट की जांच के दौरान उन्हें कथित वित्तीय अनियमितताओं और गबन की जानकारी मिली. इसके बाद उन्होंने एसोसिएशन की वार्षिक बैठक में यह मामला उठाया.

हिसाब देने से किया इनकार

कोषाध्यक्ष का आरोप है कि वार्षिक बैठक में मामला उठाने पर सचिव कन्हैया सिंह ने एसोसिएशन के सदस्यों के समक्ष आय-व्यय का पूरा हिसाब देने से इनकार कर दिया. साथ ही, कथित रूप से गबन की गई राशि भी बैंक खाते में वापस जमा नहीं कराई. शिकायत में कहा गया है कि सचिव ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलीभगत कर एसोसिएशन की राशि का दुरुपयोग किया, जिससे फ्लैट मालिकों के हित प्रभावित हुए हैं.

इसे भी पढ़ें: वाणिज्य-कर विभाग में 40 अफसरों का तबादला, सात अफसर बने अपर आयुक्त

चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी

बरवाअड्डा थाना पुलिस ने प्राप्त आवेदन के आधार पर सचिव कन्हैया सिंह, उनके पिता रवींद्रनाथ सिंह तथा पुत्रियों शालिनी सिंह और संजना सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4), 318(2), 336(3) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. बैंक लेनदेन, संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: पांच अगस्त से कॉलेजों में चलेगा स्पेशल वोटर रजिस्ट्रेशन कैंपेन, मतदाता सूची में जुटेगा 18+ छात्रों का नाम


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Hiralal pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >